उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब हाईवे किनारे झाड़ियों में एक बंद बक्सा मिला, जिसमें एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. घटना कोखराज थाना क्षेत्र के कल्यानपुर हाईवे की है, जहां स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में संदिग्ध हालत में एक बक्सा देखा. लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही कोखराज पुलिस मौके पर पहुंची और बक्से की जांच शुरू की.
पुलिस ने जब बक्सा खोला तो उसके अंदर एक महिला का शव मिला, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद एएसपी राजेश सिंह और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और महिला की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का माना जा रहा है. पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और हर एंगल से जांच कर रही है.
कार सवार दो लोगों द्वारा बक्सा फेंकने की आशंका
एडिशनल एसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शाम करीब 7:32 बजे सूचना मिली थी कि हाईवे पर कार सवार दो लोग एक बक्सा फेंक कर चले गए हैं. सूचना मिलते ही पीआरवी, थाना पुलिस, एसएचओ और सीओ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि बक्सा खोलने पर उसमें महिला का शव पाया गया. अभी शव को पूरी तरह बाहर नहीं निकाला गया था क्योंकि फॉरेंसिक टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा था. टीम के आने के बाद ही शव को विधिवत तरीके से बाहर निकालकर जांच की जाएगी.
महिला की पहचान में जुटी पुलिस, हर एंगल से जांच जारी
एएसपी ने यह भी बताया कि शव पर किसी प्रकार के चोट के निशान हैं या नहीं, इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी का पता लगाने के लिए टीमें गठित कर दी हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा और आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की आशंका जता रहे हैं. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है. बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवकों को कुछ लोगों ने बक्स फेंकते देखा था.
अखिलेश कुमार