पत्नी बॉयफ्रेंड के साथ भागी तो टूट गया पति, होली के दिन फांसी पर लटका मिला युवक

झांसी में एक युवक ने पत्नी के बॉयफ्रेंड के साथ भाग जाने से आहत होकर आत्महत्या कर ली. होली के दिन उसका शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला. बताया गया कि शादी को दो साल ही हुए थे और पत्नी तीन महीने पहले घर छोड़कर चली गई थी. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
युवक ने फांसी लगाकर किया सुसाइड (File Photo: Pramod Kumar Gautam/ITG) युवक ने फांसी लगाकर किया सुसाइड (File Photo: Pramod Kumar Gautam/ITG)

प्रमोद कुमार गौतम

  • झांसी,
  • 05 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:38 PM IST

उत्तर प्रदेश के झांसी से एक दुखद और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां पत्नी के अपने बॉयफ्रेंड के साथ भाग जाने से आहत एक युवक ने आत्महत्या कर ली. युवक का शव होली के दिन घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

मृतक की पहचान करीब 22 वर्षीय भूपेंद्र उर्फ रानू अहिरवार के रूप में हुई है. वह झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र के मुस्तरा गांव का रहने वाला था. परिवार में उसके दो भाई और एक बहन हैं. भूपेंद्र सबसे छोटा था. उसके बड़े भाई घनश्याम और बहन की शादी हो चुकी है. भूपेंद्र के पिता खेती किसानी करते हैं. करीब आठ साल पहले उसकी मां सुखदेवी की मौत हो चुकी थी.

शादीशुदा महिला प्रेमी के साथ भागी

परिजनों के मुताबिक भूपेंद्र शादी समारोहों में हलवाई का काम करता था. उसकी शादी मई 2024 में एक युवती से हुई थी. शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक चलता रहा, लेकिन बाद में पता चला कि उसकी पत्नी का किसी अन्य युवक से अफेयर था. परिवार को इसकी जानकारी पहले नहीं थी.

बताया गया कि करीब तीन महीने पहले भूपेंद्र की पत्नी अपने बॉयफ्रेंड के साथ घर से चली गई. आरोप है कि जाते समय वह घर में रखे करीब पांच लाख रुपये और गहने भी अपने साथ ले गई. उस समय भूपेंद्र के पिता ने जमीन बेचकर घर में यह पैसा रखा था. इस घटना के बाद भूपेंद्र ने नवाबाद थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.

Advertisement

पति ने किया सुसाइड 

करीब दो महीने पहले पुलिस ने उसकी पत्नी को बरामद कर लिया. सूचना मिलने पर भूपेंद्र और उसके परिवार के लोग थाने पहुंचे. वहीं लड़की के माता पिता भी पहुंचे थे. लेकिन थाने में ही पत्नी ने अपने पति भूपेंद्र के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया. वह अपने माता पिता के साथ भी नहीं गई और एक दूर के रिश्तेदार के साथ चली गई.

इस घटना के बाद से भूपेंद्र काफी परेशान रहने लगा था और डिप्रेशन में चला गया था. परिवार वालों के मुताबिक होली के दिन भी उसने त्योहार नहीं मनाया. उसने घरवालों से कहा कि वह ससुराल वालों से मिलने जा रहा है. शाम को वह वापस घर लौट आया.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

रात में जब परिवार के लोग उसे खाना खाने के लिए बुलाने गए तो वह कमरे में नहीं मिला. जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो देखा कि वह पंखे से रस्सी का फंदा बनाकर लटका हुआ था. यह देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए. तुरंत उसे नीचे उतारकर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

इस मामले में मृतक के बड़े भाई घनश्याम ने बताया कि पत्नी के चले जाने के बाद से भूपेंद्र काफी परेशान था और मानसिक तनाव में रह रहा था. वहीं नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिली थी कि युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है. अभी तक इस मामले में किसी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं मिली है. शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. 

Advertisement

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement