हत्या, नमक डालकर शव दफनाया और... छोटे भाई ने घर के आंगन में ही बना दी बड़े भाई की कब्र, ऐसे खुला राज

झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में छोटे भाई ने विवाद के बाद अपने MBA पास बड़े भाई की हत्या कर दी. आरोपी ने शव को घर के पीछे गड्ढा खोदकर नमक डाल दफना दिया और गुमशुदगी का नाटक करता रहा. शक होने पर पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपी टूट गया. खुदाई में शव बरामद हुआ. पुलिस संपत्ति विवाद सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

Advertisement
पुलिस को करता रहा गुमराह.(Photo: Ajay Jha/ITG) पुलिस को करता रहा गुमराह.(Photo: Ajay Jha/ITG)

अजय झा

  • झांसी,
  • 21 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 8:12 PM IST

झांसी के नगरा प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा मोहल्ले में हुए सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया है. जिस मामले को शुरू में गुमशुदगी माना जा रहा था, पुलिस जांच में वह निर्मम हत्या निकला. आरोप है कि छोटे भाई ने गाली-गलौज के विवाद के बाद अपने MBA पास बड़े भाई की हत्या कर दी और फिर सबूत मिटाने के लिए सुनियोजित साजिश रच डाली. पुलिस के अनुसार, शव को घर के पीछे गड्ढा खोदकर दफनाया गया, नमक डाला गया और हत्या से जुड़े हर निशान मिटाने की कोशिश की गई.

Advertisement

दरअसल, यह वारदात एक सेवानिवृत्त शिक्षक के परिवार में हुई. पिता की 2022 में सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी. परिवार में मां और दो बेटे रहते थे. बड़ा बेटा 38 वर्षीय तारिक बेग MBA पास था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था. पिता की मृत्यु के बाद उसे अनुकंपा नियुक्ति पर नौकरी मिलने वाली थी, लेकिन उसने चपरासी पद स्वीकार नहीं किया. बाद में यही नौकरी छोटे भाई मशारिक को मिल गई, जिसके बाद से परिवार में तनाव की स्थिति बनी हुई थी.

यह भी पढ़ें: वो शूट में निकलती थी, पर्स चुराकर पहन लेती थी बुर्का... झांसी की महिला चोर की कहानी कर देगी हैरान

गुमशुदगी से हत्या तक: ऐसे खुला राज

पुलिस के अनुसार, 9 फरवरी को घर में दोनों भाई ही मौजूद थे, जबकि मां मायके गई हुई थीं. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते-देखते हिंसक झगड़े में बदल गया. आरोप है कि छोटे भाई ने कुल्हाड़ी और चाकू से हमला कर बड़े भाई की हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने और पहचान छिपाने की योजना बनाई.

Advertisement

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने घर के पीछे आंगन में करीब पांच फीट गहरा गड्ढा खोदा और शव को निर्वस्त्र कर उसमें दफनाया. गंध फैलने से रोकने के लिए नमक डाला गया और ऊपर ईंटें रख दी गईं. इसके बाद घर में फैले खून के निशानों को साफ किया गया. खून से सने कपड़े वॉशिंग मशीन में धो दिए गए और हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, चाकू व फावड़ा करीब तीन किलोमीटर दूर नाले में फेंक दिया.

सबूत मिटाने की फिल्मी साजिश

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मृतक का मोबाइल फोन भी जंगल में ले जाकर जला दिया, ताकि किसी प्रकार का डिजिटल सबूत न बचे. बाद में शक बढ़ने पर कपड़े भी जला दिए गए. हत्या के अगले दिन जब मां ने फोन किया तो बड़े बेटे का मोबाइल बंद मिला. आरोपी ने उन्हें बताया कि उनका बेटा कहीं चला गया है. इस तरह चार दिन तक परिवार को गुमराह किया गया और हत्या की बात छिपाई गई.

15 फरवरी को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई. इस दौरान आरोपी का व्यवहार संदिग्ध लगने पर मृतक के मामा मोहम्मद सलीम ने मोहल्ले के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए. इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से उनसे कहा कि एफआईआर में उसका नाम न दिया जाए, क्योंकि वह सरकारी कर्मचारी है. इस बयान के बाद परिवार का शक और गहरा गया और पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ शुरू की.

Advertisement

सख्ती में टूटा आरोपी, कब्र से मिला शव

19 फरवरी को पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया. शुरू में वह लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन देर रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सख्ती बढ़ाने पर आरोपी टूट गया. उसने घर के पीछे दफनाए गए शव की जगह बताई. पुलिस ने मौके पर खुदाई कर शव बरामद किया, जिससे हत्या की पुष्टि हो गई.

मृतक के मामा ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी का ससुराल पक्ष घर पर ताला लगाकर फरार हो गया. उन्होंने आरोपी की पत्नी और उसके भाई पर भी साजिश में शामिल होने की आशंका जताई है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है. वहीं, सूत्रों के अनुसार परिवार के पास करोड़ों की संपत्ति थी और संपत्ति विवाद को भी संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.

संपत्ति विवाद और जांच का दायरा

इस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है. जिस घर में कभी सामान्य पारिवारिक जीवन चलता था, वहां अब मातम और पुलिस की आवाजाही है. आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. पुलिस हर पहलू, खासकर संपत्ति विवाद और पारिवारिक तनाव के एंगल से जांच कर रही है.

Advertisement

यह मामला रिश्तों में छिपे तनाव और संभावित लालच की गंभीर तस्वीर सामने लाता है. पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी. पूरे शहर की नजर अब इस बात पर टिकी है कि जांच में और कौन-कौन से नए खुलासे सामने आते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement