उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में यमुना नदी में देर रात बड़ा हादसा हो गया. कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव के पास एक नाव अचानक पलट गई. नाव में 9 लोग सवार थे. हादसे में तीन लोगों को बचा लिया गया, जबकि एक महिला और चार बच्चों के शव बरामद हो चुके हैं. एक बच्चा अब भी लापता है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दरअसल, कुतुबपुर गांव के रहने वाले देशराज निषाद के घर में बुधवार को बेटी की शादी थी. शादी समारोह में शामिल होने के लिए कई रिश्तेदार गांव पहुंचे हुए थे. गुरुवार को परिवार के कुछ लोग यमुना नदी के दूसरी तरफ तरबूज और खरबूज खाने के लिए गए थे.
विष्णु निषाद अपनी पत्नी और रिश्तेदारी के सात बच्चों को लेकर नाव से नदी पार कर बारी में पहुंचे थे. वहां सभी ने तरबूज और खरबूज तोड़े और उन्हें नाव में रखकर वापस गांव लौटने लगे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव जैसे ही यमुना नदी के बीच पहुंची, अचानक उसका बैलेंस बिगड़ गया और नाव पलट गई. नाव पलटते ही उसमें सवार सभी लोग तेज धारा में बहने लगे. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
यह भी पढ़ें: यूपी: बहराइच में 22 लोगों से भरी नाव डूबी, 1 की मौत, 8 लापता, NDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे के दौरान विष्णु निषाद और एक बच्चे ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली. वहीं एक अन्य बच्चे को स्थानीय मछुआरों ने नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि बाकी छह लोग नदी में लापता हो गए. सर्च के दौरान एक महिला और चार बच्चों के शव मिल चुके हैं. वहीं एक बच्चा अभी भी लापता है. परिजनों में मातम पसरा हुआ है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. प्रशासन ने आसपास के इलाकों में भी तलाश तेज कर दी है. नदी की तेज धारा और गहराई के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय टीमों सहित NDRF, SDRF रेस्क्यू में लगी है. गोताखोर भी मौके पर तलाश में जुटे हैं. लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की गई है. प्रशासन का कहना है कि हर संभव प्रयास किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द लापता बच्चे का पता लगाया जा सके. फिलहाल पूरे गांव में मातम का माहौल है.
नाहिद अंसारी