ग्रेटर नोएडा में एक शादी समारोह के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब दबंगों ने बारातियों पर हमला कर दिया. यह घटना सेंट्रल नोएडा के ईकोटेक 3 थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव की है, जहां दिल्ली के कोंडली से एक बारात आई हुई थी. आरोप है कि दबंगों ने बारातियों के साथ जमकर मारपीट की, सड़क पर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की और पत्थरबाजी कर दहशत फैला दी. जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर निवासी योगेंद्र अपने परिवार के साथ इस बारात में शामिल होने आए थे. उन्होंने अपनी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर दी और कार्यक्रम में शामिल होने चले गए. जब वह वापस लौटे तो देखा कि जलपुरा गांव के कई लोग वहां इकट्ठा हैं और अचानक विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि दर्जनों दबंगों ने बारातियों को घेरकर हमला कर दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने लोगों को गिराकर पीटा और लाठी-डंडों से हमला किया. इस दौरान कई लोगों के सिर फूट गए और गंभीर चोटें आईं. योगेंद्र ने बताया कि उनके बेटे के सिर में गंभीर चोट लगी है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने काफी देर तक सड़क पर तांडव मचाया और पत्थरबाजी की, जिससे वहां मौजूद अन्य लोग भी घायल हो गए.
घटना के दौरान सड़क पर खड़ी कई गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया. आरोप है कि गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की गई और उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया गया. योगेंद्र ने दावा किया कि हमलावरों ने खास तौर पर कुछ गाड़ियों को निशाना बनाया. उन्होंने आरोप लगाया कि जिन गाड़ियों पर भगवान की तस्वीर लगी थी, उन्हीं को ज्यादा नुकसान पहुंचाया गया.
बारात में गाड़ी खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद
इसके अलावा, पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके गले में पहनी हुई ज्वेलरी भी लूट ली. इस पूरी घटना के कारण इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और सड़क जाम हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया. पीड़ित दीपक ने इस मामले में ईकोटेक 3 थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में यासीन, युसूफ, वकील, आरिफ, नदीम, आलम, जुनैद, माजिद, सद्दाम, फिरोज, कालू, शोएब समेत कई अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला और लूट के आरोप लगाए गए हैं.
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है और चार लोगों को हिरासत में लिया गया है. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आरके गौतम ने बताया कि 29 तारीख की रात को जलपुरा गांव में बारात के दौरान गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था. इसी विवाद के चलते झगड़ा बढ़ गया और कुछ लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत मेडिकल सहायता दी गई.
पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया, इलाके में शांति बहाल
पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था कायम है और स्थिति नियंत्रण में है. पीड़ित की शिकायत के आधार पर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. यह घटना एक बार फिर से यह दिखाती है कि छोटे विवाद किस तरह बड़े झगड़े का रूप ले सकते हैं. पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
अरुण त्यागी