ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र स्थित धूममानिकपुर गांव में शनिवार शाम 18 वर्षीय एक छात्र ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. गंभीर हालत में परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान देवकरण पुत्र परवेंदर रावल, निवासी धूममानिकपुर के रूप में हुई है. वह दादरी स्थित एनटीपीसी में डीपीएस स्कूल में कक्षा 12 का छात्र था. परिवार में माता-पिता और एक छोटा भाई है, जो दिव्यांग बताया गया है. मृतक के पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में गांव में कृषि कार्य के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं.
यह भी पढ़ें: Video: ग्रेटर नोएडा में 'Thar' का तांडव! डीजल भराकर भागा, पीछा करने पर मारी टक्कर, 10KM तक बाइक घसीटी
घटना से पहले मोबाइल डेटा डिलीट करने का आरोप
परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले देवकरण घर की दूसरी मंजिल पर अपने कमरे में गया था. आरोप है कि उसने अपने मोबाइल का डाटा डिलीट किया और लैपटॉप को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद घर में रखी पिता की लाइसेंसी पिस्टल से अपने सिर में गोली मार ली. गोली चलने की आवाज सुनकर उसकी मां और छोटा भाई ऊपर पहुंचे तो वह खून से लथपथ जमीन पर पड़ा मिला.
परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए. आनन-फानन में छात्र को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया. घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे.
सुसाइड नोट नहीं मिला, जांच जारी
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है और पारिवारिक व अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है.
बादलपुर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार देवकरण शांत स्वभाव का था और उसकी किसी मानसिक परेशानी की जानकारी पहले सामने नहीं आई थी. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
अरुण त्यागी