गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस ट्रेन में एक छात्रा से रेप का मामला इस वक्त सुर्खियों में है. पूरे मामले में जहां जांच जारी है. वहीं अभी तक आरोपी टीटीई की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है. घटना के बाद से ही वह फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. साथ ही टीटीई पर 10 हजार का इनाम भी घोषित कर दिया गया है.
घटना के संबंध में गोरखपुर के एसपी रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र का भी बयान आया है. उन्होंने कहा कि आरोपी टीटीई की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है. वह एनईआर के वाराणसी डिवीजन में तैनात है. उसको बर्खास्त करने के लिए विभाग को पत्र भेजा गया है.
यह भी पढ़ें: गोरखपुर: बाराती नाच रहे थे तभी चली गोली, डीजे ऑपरेटर के सिर में जा लगी, मौत
एनसीसी कैडेट थी छात्रा
टीटीई ने जिस छात्रा से सीट देने के बहाने रेप किया वह एनसीसी कैडेट थी और सी सर्टिफिकेट के लिए एग्जाम देने गई थी. एग्जाम देकर जब वह लौट रही थी तो बहुत भीड़ थी. ऐसे में उसने टिकट नहीं लिया और अहमदाबाद - गोरखपुर एक्सप्रेस के एसी कोच में घुस गई. इस दौरान टीटीई राहुल उसे सीट दिलाने के बहाने केबिन में ले गया. इसके बाद छात्रा के साथ रेप किया. एसपी जीआरपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि छात्रा की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है.
रेप के बाद बीच रास्ते में उतरकर भाग गया आरोपी
घटना के बाद छात्रा ने इसकी सूचना 112 पर दी तो टीटीई देवरिया में ट्रेन से उतर कर फरार हो गया. जीआरपी पुलिस ने बताया कि पीड़ित छात्रा ने शिकायत दर्ज कराई है. वह गोरखपुर में किराए के कमरे में रहकर सेना भर्ती की तैयारी कर रही है. जिसके तहत एनसीसी 'सी' सर्टिफिकेट परीक्षा देने मऊ गई थी. परीक्षा के बाद जब वह लौट रही थी. स्टेशन पर ज्यादा भीड़ और जल्दबाजी के कारण वह टिकट नहीं ले सकी थी.
केबीन में ले जाकर बंद कर लिया था दरवाजा
छात्रा का आरोप है कि केबिन में बैठाने के बाद टीटीई ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. पहले सामान्य बातचीत की, लेकिन कुछ ही देर में उसका व्यवहार बदल गया. फिर TTE ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया. जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने बिना टिकट यात्रा का मामला बनाकर कार्रवाई करने की धमकी दी. पीड़िता ने शोर मचाया और डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. जैसे ही मामला सामने आया, आरोपी टीटीई देवरिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया.
गजेंद्र त्रिपाठी / रवि गुप्ता