उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पांच दिनों से लापता 22 वर्षीय युवती का शव गन्ने के खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई और पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
मृतका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी 29 मार्च की दोपहर से लापता थी. काफी तलाश के बाद उन्होंने देहात कोतवाली थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी. पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी, लेकिन पांच दिन बाद उसी गांव के गन्ने के खेत में युवती का शव मिलने से मामला और गंभीर हो गया है.
यह भी पढ़ें: गोंडा: रेलवे प्लेटफॉर्म पर आरोपी को दबोचने की कोशिश में बड़ा हादसा, ट्रेन से सिपाही के दोनों पैर कटे
गुमशुदगी से शव मिलने तक का घटनाक्रम
यह घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के भदवा गांव की है. गांव के रहने वाले शख्स की 22 वर्षीय बेटी 29 मार्च को अचानक लापता हो गई थी. परिवार और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर गुमशुदगी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई थी.
गुरुवार को गांव के पास स्थित गन्ने के खेत में युवती का शव पड़ा मिला. शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
जांच के लिए चार टीमें गठित
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि युवती की गुमशुदगी 29 मार्च को दर्ज की गई थी. मृतका के पिता ने पुलिस को बताया है कि युवती की एक मोबाइल नंबर से लगातार बातचीत होती थी. इसी आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम सहित कुल चार टीमों का गठन किया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा.
अंचल श्रीवास्तव