गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र से एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह वीडियो अंकुर विहार की डीएलएफ कॉलोनी का बताया जा रहा है, जिसमें एक युवक बड़े भगौने के अंदर खड़े होकर आलू साफ करता नजर आ रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक चप्पल पहनकर भगौने के अंदर खड़ा है और पाइप से पानी डालकर आलुओं को धो रहा है. इस दौरान वह पैरों से आलुओं को साफ करता दिख रहा है.
बताया जा रहा है कि यह वीडियो एक युवती ने रात के समय बनाया, जो खुद वीडियो में कमेंट्री करते हुए कह रही है कि यह टिक्की की फेमस दुकान है और उसकी मां को भी यहां की टिक्की बेहद पसंद है. युवती ने यह वीडियो अपनी मां को दिखाने के लिए बनाया था, लेकिन अब यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और चौंकाने वाला है. जिस दुकान की टिक्की स्वाद के लिए मशहूर थी, वहां इस तरह की साफ-सफाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद लोग सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कई यूजर्स ने इसे स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बताया है, तो कुछ ने खाद्य विभाग से कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल, इस मामले में प्रशासन या खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. लेकिन वायरल वीडियो ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है.
क्या बोला दुकान का मालिक?
इस पूरे मामले में चांट भंडार के संचालक चंद्रकेश का कहना है कि वीडियो में नजर आ रहा है लड़का उनके ही गांव का है, हालांकि वह उनके यहां काम नहीं करता है, पंजाब में काम करता है. बीते शनिवार को उनकी मां का देहांत हो गया था और मां के निधन के कारण वह अपनी दुकान बंद कर अपने गांव गए थे, इस दौरान अपने गांव के ही रहने वाले बबलू जो मुस्लिम है, उसको दुकान की जिम्मेदारी सौंप कर चले गए थे. अब वीडियो के वायरल होने का पता चला और वह इसे गलत मानते हैं. वही मिली जानकारी के अनुसार वीडियो में नजर आ रहे युवक बबलू को पुलिस को सौंप दिया गया है और पुलिस भी पूरे मामले की जांच और मामले में पूछताछ कर रही है.
मयंक गौड़