Uttar Pradesh News: मेरठ की थाना नौचंदी पुलिस ने राहुल कौशिक नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो खुद को फर्जी आईएएस अधिकारी बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था. आरोपी ने स्वयं को 2008 बैच का अफसर और भारत सरकार में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर तैनात बताया था.
मेरठ के थाना नौचंदी क्षेत्र में यह कार्रवाई उस समय हुई जब आरोपी शराब के नशे में हंगामा करते हुए 112 नंबर और अधिकारियों के सीयूजी नंबर पर फोन कर रौब झाड़ रहा था. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो उसके दावे झूठे निकले और उसके पास से फर्जी बोर्ड भी बरामद किया गया. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है.
नशे में धुत होकर अधिकारियों को कर रहा था फोन
पकड़े गए आरोपी राहुल कौशिक की असलियत तब सामने आई जब वह नशे की हालत में हंगामा करने लगा. खुद को बड़ा अधिकारी बताते हुए वह लगातार पुलिस कंट्रोल रूम और बड़े अफसरों के सरकारी नंबरों पर कॉल करके भ्रामक सूचनाएं दे रहा था. वह बार-बार यह जताने की कोशिश कर रहा था कि वह एक रसूखदार पद पर है, ताकि स्थानीय पुलिस उसके दबाव में आ जाए.
जांच में खुली पोल और फर्जी बोर्ड बरामद
सूचना मिलने पर जब थाना नौचंदी पुलिस मौके पर पहुंची, तो राहुल के दावों पर शक हुआ. सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी के मुताबिक, जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने अपने पास एक फर्जी बोर्ड भी रखा था, जिस पर उसने खुद को आईएएस अधिकारी दर्शाया हुआ था. पुलिस ने उस फर्जी बोर्ड को बरामद कर लिया है. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी का झूठ टिक नहीं सका और उसकी असल पहचान सामने आ गई.
पुलिस कर रही है पुराने रिकॉर्ड की पड़ताल
नौचंदी पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि राहुल कौशिक कब से इस तरह का फर्जीवाड़ा कर रहा था और उसने अब तक किन-किन लोगों को अपना शिकार बनाया है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या उसने इस फर्जी पद का इस्तेमाल कर किसी से अवैध उगाही की है.
उस्मान चौधरी