UP: दो दिन से लापता था छात्र, रेलवे ट्रैक पर बंद बोरे में मिली मनीष की लाश

इटावा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 25 साल के मनीष यादव का शव दो दिन बाद रेलवे ट्रैक पर बोरे में बंद मिला. परिजनों ने जमीन विवाद में अपहरण के बाद हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने गुमशुदगी के आधार पर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

Advertisement
रेल ट्रैक किनारे मिली छात्र की लाश (Photo: Screengrab) रेल ट्रैक किनारे मिली छात्र की लाश (Photo: Screengrab)

अमित तिवारी

  • इटावा,
  • 20 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 3:54 PM IST

उत्तर प्रदेश के इटावा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 25 साल के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. भरथना थाना क्षेत्र के बंधा गांव में मनीष यादव का शव दो दिन बाद चितभवन के पास फ्रंट कॉरिडोर रेलवे ट्रैक पर बंद बोरे में बरामद हुआ. शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया.

Advertisement

परिजनों के अनुसार, मनीष यादव 18 फरवरी 2026 को कोचिंग पढ़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. काफी तलाश के बाद परिवार ने नजदीकी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी. शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास एक बोरे में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. पहचान के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

अपहरण के बाद बोरे में बंद मिला शव

पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. मृतक के पिता राजवीर सिंह यादव ने आरोप लगाया कि उनके बेटे का अपहरण कर हत्या की गई है. उन्होंने बताया कि परिवार का कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और उसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया. पिता का कहना है कि अगर पुलिस समय रहते तलाश कर लेती तो शायद उनका बेटा आज जिंदा होता.

Advertisement

दो दिन से लापता था मनीष यादव

मनीष प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था. उसने जूनियर असिस्टेंट की परीक्षा दी थी और उसकी मेरिट आने वाली थी. इसके अलावा वह पुलिस भर्ती परीक्षा भी दे चुका था. परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही उसे सरकारी नौकरी मिल जाएगी, लेकिन इससे पहले ही उसकी हत्या कर दी गई.

सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि रेलवे ट्रैक के पास एक शव बरामद हुआ है. शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. मौके से मिले साक्ष्यों को एकत्र किया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. 18 फरवरी को गुमशुदगी दर्ज हुई थी. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement