उत्तर प्रदेश के कौशांबी से बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां कर्ज में डूबे एक युवक ने पैसे के विवाद को लेकर अपने दादा की धारदार हथियार से हत्या कर दी. आरोपी युवक करीब 15 दिन पहले भी अपने दादा को जहर देकर मारने की कोशिश कर चुका था, लेकिन उस समय अस्पताल में उनकी जान बच गई थी.
एजेंसी के अनुसार, घटना के रमपुर धमावन गांव की है. आरोपी की पहचान 22 वर्षीय नितिन सरोज के रूप में हुई है. नितिन बेरोजगार था और उस पर काफी कर्ज हो गया था. कर्ज चुकाने के लिए वह अक्सर अपने दादा से पैसे मांगता रहता था. इसी को लेकर परिवार में कई बार विवाद भी हुआ था.
शनिवार शाम बाबूलाल सरोज अपने खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान नितिन वहां पहुंचा और अचानक उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास मौजूद लोगों के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया. बाद में बाबूलाल की मौत हो गई.
यह भी पढ़ें: 'वो नर्स थी, डिवोर्स हो चुका था...' कनाडा में इन्फ्लुएंसर नैंसी ग्रेवाल की किसने की हत्या? मां ने बताई पूरी कहानी
मृतक की पत्नी सरोज ने पुलिस को बताया कि नितिन काफी समय से पैसे को लेकर बाबूलाल पर दबाव बना रहा था. वह अक्सर उनसे पैसे मांगता था और मना करने पर नाराज हो जाता था. उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन पहले भी नितिन ने बाबूलाल को जहर देकर मारने की कोशिश की थी. उस समय बाबूलाल की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने समय पर इलाज कर उनकी जान बचा ली थी.
परिवार वालों का कहना है कि उस घटना के बाद भी नितिन का व्यवहार ठीक नहीं हुआ और वह लगातार पैसे के लिए दबाव बनाता रहा. आखिरकार शनिवार को उसने अपने ही दादा की जान ले ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. आरोपी का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
aajtak.in