होली के मद्देनज़र चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान चंदौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,028 कार्टन में भरी करीब 10 हजार लीटर अवैध शराब जब्त की है. पुलिस के अनुसार जब्त शराब की कीमत लगभग 1.68 करोड़ रुपये आंकी गई है. मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक एसपी आदित्य लांगे ने बताया कि अलीनगर थाना पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की संयुक्त टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित सिंहिताली पुल के पास वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान राजस्थान नंबर का एक ट्रक संदिग्ध हालत में आता दिखा. पुलिस ने जब उसे रोकने का इशारा किया तो चालक ट्रक लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया.
आलू-भूसी के बीच छिपाई थी शराब
तलाशी लेने पर ट्रक में 30 बोरी आलू और 50 बोरी भूसी के नीचे शराब के कार्टन छिपाकर रखे गए थे. पुलिस को कुल 1,028 कार्टन मिले, जिन पर ‘For sale in Punjab only’ अंकित था. इससे स्पष्ट है कि शराब पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी, जहां शराबबंदी लागू है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जिले निवासी 30 साल के मल्लाराम के रूप में हुई है. उसके पास से 1,200 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. पुलिस ने ट्रक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त कर लिया है.
पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
aajtak.in