उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. जहां गांव की ही एक दुकान से खरीदकर खाए गए केक ने परिवार का चिराग बुझा दिया. केक खाने के कुछ ही देर बाद एक युवक और एक बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई. जिससे युवक की मौत हो गई तो वहीं बच्चा जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है. घटना के बाद युवक के घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है. फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
दरअसल गौर थाना क्षेत्र के महुआडाबर गांव में एक दुकान से खरीदकर खाए गए केक ने एक परिवार से उसके बेटे को छीन लिया. जबकि एक मासूम भी जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है. हुआ यूं कि गांव के युवक अमन सिंह ने शनिवार शाम गांव की ही एक किराने की दुकान से 5-5 रुपये वाले दो केक खरीदे. अमन ने खुद भी केक खाया और अपने पड़ोस में रहने वाले एक मासूम बच्चे ओंकार को भी खिलाया.
यह भी पढ़ें: बस्ती में रिश्ते शर्मसार: 13 और 14 साल की दो लड़कियां बनीं मां, अपनों ने ही लूटी अस्मत!
केक खाने के कुछ ही मिनटों के भीतर दोनों को तेज पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी. हालत बिगड़ती देख परिजनों में हड़कंप मच गया और वे तत्काल उन्हें लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे. जिसमें इलाज के दौरान 18 वर्षीय अमन सिंह की मौत हो गई, जबकि पड़ोस में रहने वाला 3 वर्षीय छोटा बच्चा ओंकार जिला अस्पताल में जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है.
घटना के बाद गांव में फैली दहशत
सूचना पर पहुंची गौर थाने की पुलिस ने मृत युवक अमन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. गांव में इस घटना के बाद से दहशत और गम का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव की दुकानों पर बिकने वाले एक्सपायर्ड और घटिही या क्वालिटी के खाद्य पदार्थों की कड़ी जांच की जाए ताकि भविष्य में ऐसी किसी अनहोनी को रोका जा सके.
वहीं इस पूरे मामले पर डीएसपी स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि केक खाने से एक युवक की मौत की बात कही जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी. जबकि दूसरे बच्चे का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है. डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी रख रही है.
संतोष सिंह