यूपी के बाराबंकी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां सरकारी स्कूल से मिड-डे मील का गैस सिलेंडर चोरी हो गया. हैरानी की बात यह है कि चोरी के बाद आरोपी वहीं आसपास सो गए और सुबह एक चोर सिलेंडर छिपाते हुए पकड़ा गया. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसका साथी अभी फरार है.
दरअसल बाराबंकी के दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के सराय शाह आलम गांव में सोमवार सुबह सरकारी स्कूल में चोरी की घटना सामने आई. चोरों ने स्कूल की रसोई का ताला तोड़कर मिड-डे मील में इस्तेमाल होने वाला एलपीजी सिलेंडर चुरा लिया. बताया जा रहा है कि गांव के प्रधान प्रतिनिधि फुरकान अहमद सुबह टहलने निकले थे.
यह भी पढ़ें: दिल्ली-मुंबई में गहराया LPG संकट, कई घरों में नहीं बन रहा खाना, 900 का सिलेंडर 4000 में बिक रहा
इसी दौरान उन्होंने एक युवक को सरसों के खेत में संदिग्ध हालत में सिलेंडर छिपाते हुए देखा. शक होने पर उन्होंने उसका पीछा किया और पास के प्राथमिक विद्यालय की जांच की, जहां किचन का ताला टूटा हुआ मिला. जिसके बाद फुरकान अहमद ने मौके से गयास नाम के युवक को पकड़ लिया और तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.
फरार चोर की तलाश में जुटी पुलिस
पूछताछ में आरोपी गयास ने बताया कि वह अपने साथी लवकुश के साथ चोरी करने आया था. लवकुश सिलेंडर लेकर भागने में सफल हो गया था, लेकिन घेराबंदी के डर से उसने सिलेंडर को सरसों के खेत में छिपा दिया. फिलहाल पुलिस ने खेत से चोरी हुआ सिलेंडर बरामद कर लिया है. साथ ही फरार आरोपी लवकुश की तलाश में जुट गई है.
दरियाबाद कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी गयास को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. चोरी में शामिल दूसरे आरोपी लवकुश की तलाश की जा रही है. जिले में सिलेंडर की कमी के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं.
सैयद रेहान मुस्तफ़ा