उत्तर प्रदेश के बांदा में 15 साल की नाबालिग लड़की को होटल में ले जाकर सामूहिक रूप से बलात्कार की खबर से सनसनी है. आरोपियों ने उसे जातिसूचक गालियां दी, मारपीट की और नहर किनारे सुनसान जगह में फेंककर फरार हो गए. संदिग्ध हालात में युवती के मिलने से परिजनों के हाथ पैर जमीन से खिसक गए, उन्होंने पुलिस से मामले की शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए SC-ST पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओ में मुकदमा दर्ज किया और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. साथ ही लड़की को मेडिकल के लिए भेज दिया है.
मामला अतर्रा कोतवाली क्षेत्र का है. जहां के रहने वाले पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि मेरी 15 साल की नाबालिग बेटी को तीन युवकों ने पहले बेहोश किया. इसके बाद उसे अपनी बाइक पर बैठाकर कस्बे के ही एक होटल में ले गए. यहां कथित रूप से उसके साथ गैंग रेप किया गा. इसके अलावा विरोध करने पर जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट की. धमकी दी कि यदि किसी से बताओगी तो तुम्हारे परिवार को भी जान से मार देंगे. वे नाबालिग को नहर के पास फेंककर फरार हो गए, पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत करके आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है. हालांकि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, तीन में से एक आरोपी नाबालिग है.
थाना अतर्रा पर सूचना प्राप्त हुई कि 15 साल की एक बालिका को तीन लड़के बाइक पर लेकर गए और उसके साथ गलत काम किया है. सूचना पर तत्काल पुलिस द्वारा तीनों युवकों की तलाश कर हिरासत में लिया गया. प्रारम्भिक जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया है कि मुख्य आरोपी और बालिका पूर्व से ही एक दूसरे से जानते हैं. प्रकरण में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना अतर्रा में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है. सभी आरोपियों को जेल भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
सिद्धार्थ गुप्ता