अमेठी में सड़क बनी या मुसीबत? 5 मीटर चौड़ी रोड को 3 मीटर में समेटा, ₹28 लाख खर्च करने के बाद भी लगा जाम

Amethi PWD Road Negligence: नई बनी सड़क पर दो वाहनों की क्रॉसिंग तक ठीक से नहीं हो पा रही है, जिससे रोजाना परेशानी बढ़ रही है. वहीं अधिकारी पूरे मामले में लीपापोती कर बाद में सड़क को सही कराने का दावा कर रहे हैं.

Advertisement
अमेठी में मानकों को ताक पर रखकर बनी सड़क.(Photo:ITG) अमेठी में मानकों को ताक पर रखकर बनी सड़क.(Photo:ITG)

अभिषेक कुमार त्रिपाठी

  • अमेठी,
  • 24 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 7:12 PM IST

उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी में लोक निर्माण विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है और विभाग की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है. करीब 28 लाख रुपये की लागत से तैयार कराई गई लिंक रोड बनने के बाद भी लोगों की दिक्कतें खत्म नहीं हुईं, बल्कि उनके लिए और अधिक समस्याएं खड़ी हो गई हैं. सड़क की चौड़ाई कम होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है और अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है. 

पूरा मामला जनपद अमेठी के प्रांतीय खंड क्षेत्र के रामलीला मैदान और एसडीएम कॉलोनी के बीच बनी लिंक रोड का है. जहां दोनों लिंक रोड 210 मीटर और 300 मीटर की दूरी पर बनाई गई हैं, जिन्हें 16.70 लाख और 11.66 लाख रुपये की लागत से बनवाया गया. पहले यह सड़क कुल 5 मीटर चौड़ी थी, लेकिन नई सड़क को मात्र 3 मीटर ही बना दिया गया.

Advertisement

 लोगों का आरोप है कि सड़क का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं कराया गया. सड़क को जमीन के स्तर से काफी ऊंचा बना दिया गया है, जिसके कारण कई जगहों पर वाहन आसानी से चढ़ नहीं पा रहे हैं. लोगों का कहना है कि अभी तो किसी तरह आवागमन हो रहा है, लेकिन बरसात के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाएगी.

स्थानीय नागरिक राजेश मिश्रा ने निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और मनमानी का आरोप लगाते हुए सड़क को दोबारा सही मानकों के अनुसार बनवाने की मांग की है. उनका कहना है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क जनता की सुविधा के बजाय मुसीबत का कारण बन गई है.

वहीं, राजकुमार शुक्ला ने बताया कि पहले सड़क चौड़ी थी, जिससे गाड़ियां आसानी से आ-जा लेती थीं, लेकिन अब सड़क की चौड़ाई कम होने के चलते बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और किनारे-किनारे गड्ढे हो गए हैं.

Advertisement

इस मामले पर अवर अभियंता स्निग्धा कुशवाहा ने बताया कि सड़क का इस्टीमेट 3 मीटर ही था. चौड़ाई कम होने से दिक्कत हो रही है, जिसके लिए सड़क के किनारे मिट्टी डलवाकर नगर पंचायत से रोड बनवाने के लिए कहा जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement