आगरा से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने कई परिवारों की खुशियां एक पल में उजाड़ दीं. राजस्थान के केला देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हैं.
हादसा आगरा के चित्राहाट में इटावा मार्ग पर पई गांव के पास हुआ. सभी लोग राजस्थान के केला देवी मंदिर से दर्शन कर इटावा लौट रहे थे. इस दौरान बोलेरो सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोगों ने देखा तो तुरंत मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया. इसी दौरान घटना के बारे में सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई. पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जायजा लिया.
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया और तत्काल एंबुलेंस से सैफई (इटावा) के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली के रूप नगर में बड़ा हादसा: 33 साल पुराना लोहे का पुल ढहने से एक महिला की मौत, 48 घंटे में मांगी गई रिपोर्ट
हादसे में जान गंवाने वालों में तीन पुरुष, एक महिला और एक तीन साल की मासूम बच्ची शामिल है. घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया. इसी के साथ पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
शुरुआती जांच में सामने आया है कि वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण हादसा हो गया. हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
यह घटना एक चेतावनी है, जो सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाते हैं... क्योंकि एक छोटी सी चूक कई जिंदगियों को हमेशा के लिए खत्म कर सकती है. इसलिए हमेशा सावधानी से वाहन चलाएं और अपना खयाल रखें.
नितिन उपाध्याय