आगरा के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र से भाजपा विधायक चौ. बाबूलाल के बेटे सुरेश चौधरी से जुड़ा रायभा टोल विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है. पहले मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था और अब एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें पुलिस टोल कर्मचारी के घर पहुंची दिखाई दे रही है.
नए वीडियो में पहली मंजिल पर खड़ा एक युवक खुद को टोलकर्मी संजय सिंह का भाई वीरू बता रहा है. वह आरोप लगा रहा है कि उसका भाई लापता है. युवक कहता है कि यदि उसके भाई के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी. वह यह भी कहता है कि भाई मिलने पर वह पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सामने आत्मदाह तक कर सकता है.
विधायक के बेटे पर मारपीट का आरोप
घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है. रायभा टोल प्लाजा पर विधायक लिखी गाड़ी पहुंची थी, जिसमें विधायक चौ. बाबूलाल के बेटे सुरेश चौधरी और उनकी पत्नी सवार थे. गाड़ी पर फास्टैग नहीं लगा था. वीआईपी पास होने के बावजूद करीब दो मिनट तक बैरियर नहीं खुला. आरोप है कि इसी बात को लेकर सुरेश चौधरी गाड़ी से उतरे और टोल कर्मचारी संजय सिंह, निवासी दौरेठा आगरा, के साथ मारपीट की. यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. संजय सिंह की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है.
दूसरे वीडियो में युवक पुलिस से कहता है कि उसे कोई बयान नहीं देना है और जांच करनी है तो टोल के सीसीटीवी कैमरे देखे जाएं. वह दावा करता है कि उसने इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ओएसडी से बात की है और खुद को संघ परिवार से जुड़ा बताता है. वीडियो में युवक पुलिस पर दबाव में काम करने का आरोप लगाता है. उसका कहना है कि पुलिस उसके भाई पर समझौते का दबाव बना रही है. वह लखनऊ जाकर उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात भी कहता है.
आगरा के रायभा टोल विवाद में नया वीडियो
परिवार की तरफ से आरोप लगाया गया है कि विधायक के दूसरे बेटे रामेश्वर चौधरी भी टोल पर पहुंचे और कर्मचारियों से गालीगलौज की. उनका कहना है कि वीडियो वायरल होने को लेकर नाराजगी जताई गई. इस पूरे मामले में विधायक चौ. बाबूलाल या उनके बेटों से पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया.
नितिन उपाध्याय