न्यूयॉर्क में हाल ही में आयोजित एक इफ्तार डिनर मशहूर शेफ विकास खन्ना के लिए बेहद भावुक पल बन गया. दरअसल, न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी रमजान के दौरान रोजा खोलने के लिए खन्ना के मैनहट्टन स्थित रेस्टोरेंट बंगला पहुंचे थे. इस मुलाकात ने खन्ना को करीब 25 साल पुरानी यादों में लौटा दिया.
विकास खन्ना ने इस मुलाकात से जुड़ी कहानी इंस्टाग्राम पर शेयर की. उन्होंने बताया कि उनकी और जोहरान ममदानी की पहली मुलाकात तब हुई थी, जब ममदानी महज आठ साल के थे और अपनी मां, मशहूर फिल्ममेकर मीरा नायर, के साथ रेस्टोरेंट आए थे.
संघर्ष के दिनों की याद
खन्ना ने अपने पोस्ट में न्यूयॉर्क में शुरुआती दिनों की मुश्किलों को भी याद किया. उन्होंने लिखा कि उस समय वह एक कठिन दौर से गुजर रहे थे. उन्होंने हाल ही में बेघर होने की स्थिति से खुद को संभाला था और एक खराब नौकरी छोड़ने के बाद ट्राइबेका में स्थित सलाम बॉम्बे रेस्टोरेंट में काम शुरू किया था.
खन्ना ने बताया कि उन्हें उस रेस्टोरेंट का नाम बहुत पसंद था, क्योंकि यह मीरा नायर की मशहूर फिल्म 'सलाम बॉम्बे' से जुड़ा था. इसी दौरान एक दिन मीरा नायर अपने छोटे बेटे जोहरान के साथ वहां आई थीं.
25 साल बाद फिर हुई मुलाकात
समय के साथ वही छोटा बच्चा बड़ा होकर न्यूयॉर्क सिटी का मेयर बन गया. कई साल बाद जोहरान ममदानी रमजान के मौके पर रोजा खोलने के लिए खन्ना के रेस्टोरेंट बंगला पहुंचे.परंपरा के अनुसार उन्होंने खजूर खाकर रोजा खोला और फिर विकास खन्ना द्वारा तैयार किया गया खाना खाया.
देखें वायरल वीडियो
मीरा नायर की मदद को भी किया याद
विकास खन्ना ने अपने पोस्ट में यह भी बताया कि न्यूयॉर्क में शुरुआती दिनों में मीरा नायर उन लोगों में से थीं जिन्होंने उन्हें काफी प्रोत्साहित किया. उन्होंने कहा कि बाद के वर्षों में उन्होंने मीरा नायर के कई कार्यक्रमों के लिए खाना भी तैयार किया.
भावुक हो गए विकास खन्ना
खन्ना ने लिखा कि 25 साल बाद उसी बच्चे के लिए दोबारा खाना बनाना उनके लिए बेहद खास पल था. उन्होंने कहा कि जिंदगी सच में पूरा चक्र पूरा कर लेती है.उन्होंने अपने संदेश के अंत में लिखा, “जोहरान ममदानी, आज हमारे साथ इफ्तार मनाने के लिए धन्यवाद. 25 साल पहले भी आपके लिए खाना बनाना खास था और आज यह और भी ज्यादा मायने रखता है.”
विकास खन्ना के इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है. इंस्टाग्राम पर इस पोस्ट को अब तक 21 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं और लोग इस कहानी को काफी प्रेरणादायक बता रहे हैं.
aajtak.in