आज के दौर में जहां लोग बेहतर सैलरी के लिए नौकरी बदलने को तैयार रहते हैं, वहीं एक सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल ने 72 लाख रुपये सालाना के पैकेज को ठुकराकर सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है. इस फैसले की वजह सिर्फ पैसे नहीं, बल्कि वर्क-लाइफ बैलेंस और नौकरी की शर्तें थीं.
यह मामला तब चर्चा में आया जब फुल-स्टैक डेवलपर रागिनी पांडे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने दोस्त और एक रिक्रूटर के बीच हुई बातचीत का स्क्रीनशॉट शेयर किया. पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा कि मेरे दोस्त ने 72 LPA का ऑफर ठुकरा दिया.
रिक्रूटर को साफ मना कर दिया
स्क्रीनशॉट में दिखता है कि रिक्रूटर, जिसका नाम मनीष बताया गया है, उम्मीदवार से ऑफर स्वीकार करने की अपील कर रहा था ताकि कंपनी आगे की औपचारिकताएं पूरी कर सके. लेकिन उम्मीदवार ने ऑफर लेने से इनकार कर दिया.उसने अपने जवाब में लिखा कि कंपनी की शर्तें कर्मचारियों के अनुकूल नहीं हैं. उसके मुताबिक, कंपनी में कोई लीव पॉलिसी नहीं थी, स्थान बदलने के लिए कोई आर्थिक सहायता नहीं दी जा रही थी और वेतन में बढ़ोतरी भी केवल 25 प्रतिशत की थी.
क्यों ठुकराया 72 लाख का पैकेज?
उम्मीदवार ने कहा कि रहने के खर्च, स्थानांतरण सहायता की कमी, छुट्टी नीति न होने और सीमित वेतन वृद्धि को देखते हुए यह प्रस्ताव उसके लिए सही नहीं था.
उसने यह भी लिखा कि अगर वह अपने करियर के शुरुआती दौर में होता तो शायद यह ऑफर स्वीकार कर लेता, लेकिन अब उसे लगता है कि अनुबंध पूरी तरह कंपनी के पक्ष में झुका हुआ है और कर्मचारियों की जरूरतों को पर्याप्त महत्व नहीं देता.
देखें पोस्ट
वर्क फ्रॉम ऑफिस भी बनी वजह
रागिनी पांडे ने बताया कि उनके दोस्त के फैसले के पीछे एक और बड़ी वजह कंपनी की सख्त 5 दिन ऑफिस से काम करने की नीति थी. इसके अलावा कोई छुट्टी नीति नहीं थी और स्थानांतरण के लिए भी कोई सहायता नहीं दी जा रही थी.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
पोस्ट वायरल होने के बाद लोगों ने इस पर अलग-अलग राय दी. कई यूजर्स ने कहा कि आज के समय में सिर्फ मोटी सैलरी ही सब कुछ नहीं है. वहीं कुछ लोगों का मानना था कि इतने बड़े पैकेज को ठुकराना आसान फैसला नहीं होता.
रागिनी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें सबसे ज्यादा हैरानी इस बात पर हुई कि उनके दोस्त को यह ऑफर छोड़ने का कोई अफसोस नहीं था. उनके मुताबिक, यह दिखाता है कि अब कई प्रोफेशनल्स के लिए पैसा नहीं, बल्कि बेहतर जीवन और वर्क-लाइफ बैलेंस ज्यादा मायने रखता है.
aajtak.in