कहते हैं न कि एजुकेशन को लोगों ने पैसा कमाने का धंधा बना लिया है. इसके कई उदाहरण रोजाना देखने को भी मिल रहे हैं. हाल में एक स्कूल ने जुनियर केजी बैच का फी स्ट्रक्चर वायरल हुआ तो लोग हैरान रह गए.
2024-25 नर्सरी और जूनियर केजी बैच के इस फीस स्ट्रक्चर से ऑनलाइन बहस छिड़ गई है. इसके ब्रेकअप में स्कूल नर्सरी और एलकेजी छात्रों के माता-पिता से 'ओरिएंटेशन फी' ले रहा है और ये कुल 8,400 रुपये का भारी शुल्क है. हालांकि तस्वीर में स्कूल का नाम नहीं दिया हुआ है.
'इसलिए पापा ने मुझे सरकारी स्कूल में भेजा'
एक्स पर साझा की गई तस्वीर के कैप्शन में लिखा है, 'अब मुझे समझ आया कि मेरे पिता ने मुझे सरकारी स्कूल में क्यों भेजा.' तस्वीर में केजी क्लास की एडमीशन फीस, कॉशन मनी, एनुअल चार्जेज, डेवलप्मेंट फीस मिलाकर नर्सरी और जूनियर केजी बैच की फीस का डीटेलस दिखाया गया है. इसी लिस्ट में एक चीज है- पैरेंट ओरिएंटेशन चार्जेस (वन टाइम पेमेंट)- 8400 रुपये। वहीं सब कुछ जोड़कर कुल फीस ₹ 1,51,656 बन रही है. जूनियर केजी का इतना भारी भरकम फी स्ट्रक्चर हैरान करने वाला है. मिडिल क्लास लोगों के लिए बच्चे की पढ़ाई में इतना पैसा देना असंभव के बराबर है.
'मेरे बीटेक कॉलेज की फीस से ज्यादा है'
लोग फीस स्ट्रक्चर के इस वायरल पोस्ट पर ढेरों कमेंट कर रहे हैं. जहां कुछ लोगों ने गुस्सा जाहिर किया. वहीं कुछ लोगों ने पूछा- भाई ये 'ओरिएंटेशन चार्ज' का मतलब क्या है? वहीं कई लोगों ने मजे लेते हुए भी कमेंट किया. एक यूजर ने लिखा- इस स्कूल की फीस मेरे बीटेक कॉलेज की फीस से अधिक है. वहीं एक अन्य ने लिखा- मैंने अपने बच्चे के नर्सरी में एडमीशन के लिए 1,95,000 रुपये का भुगतान किया. इसमें ट्रांसपोर्ट, खाना और डोनेशन भी है. एक ने कहा, क्लास 10 में मेरी फीस 500 प्रति माह थी और मुझे लगता था कि मैं एक महंगे स्कूल में पढ़ रहा हूं. मुझे नहीं पता कि माता-पिता यह फीस कितनी मुश्किल से देते थे.
रेस्टोरेंट लेता है 'एडल्ट सरचार्ज'
बता दें कि कई जगह अनोखे चार्ज के चलते मुद्दे बनते रहे हैं. हाल ही में अमेरिका में एक रेस्तरां को अपने मेनू में 'एडल्ट सरचार्ज' फी लागू करने के बाद आलोचना का सामना करना पड़ा था. न्यूयॉर्क पोस्ट के अनुसार, उत्तरी जॉर्जिया के ब्लू रिज पर्वत में टोकोआ रिवरसाइड रेस्तरां ने घोषणा की थी कि वह उन ग्राहकों से एक्स्ट्रा चार्ज वसूल करेगा जो अपने बच्चों को सही तमीज नहीं सिखाते हैं. ये चीज उन्होंने अपने मेनु कार्ड पर लिखी हुई थी.
aajtak.in