मुंबई की एक महिला के लिए रोज़ का सफर उस दिन खास बन गया, जब एक ऑटो ड्राइवर का छोटा सा संदेश उसके दिल को छू गया. यह घटना एक सामान्य ऑटो राइड से शुरू होकर भरोसे और इंसानियत की मिसाल बन गई.
मुंबई की रहने वाली उन्नति देवलिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया. इस वीडियो में उन्होंने अपने सफर के दौरान देखी एक ऐसी चीज को कैद किया, जिसने उन्हें सोचने पर मजबूर कर दिया. वीडियो में ऑटो ड्राइवर की सीट के पीछे एक संदेश लिखा दिखाई देता है-I am also someone’s father and brother. Your safety is important to me. Sit down without any worries यानी मैं भी किसी का पिता और भाई हूँ. आपकी सुरक्षा मेरे लिए महत्वपूर्ण है. बिना किसी चिंता के बैठें.
यह संदेश भले ही साधारण शब्दों में लिखा गया था, लेकिन इसका असर काफी गहरा था. खासतौर पर उन महिलाओं के लिए, जो अकेले या देर रात सफर करते समय असहज महसूस करती हैं, यह एक भरोसा देने वाला संकेत था. ड्राइवर ने इस संदेश के जरिए यह जताने की कोशिश की कि वह यात्रियों की सुरक्षा को समझता है और उन्हें सहज महसूस कराना चाहता है.
वीडियो पर एक लाइन भी लिखी गई थी-POV: when you realise not every man is a threat, some are just someone’s safe place, यानी जब आपको एहसास होता है कि हर आदमी खतरा नहीं होता, कुछ लोग किसी के लिए सुरक्षित जगह होते हैं..
देंखें वीडियो
यह लाइन पूरे अनुभव को और गहराई देती है. यह बताती है कि हर किसी को एक ही नजर से देखना सही नहीं होता और समाज में ऐसे लोग भी हैं, जो दूसरों के लिए सुरक्षित माहौल बनाने की कोशिश करते हैं.
यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल है. लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं. कई यूजर्स ने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास समाज में भरोसा कायम रखने में मदद करते हैं. कुछ लोगों ने इसे दिल को छू लेने वाला बताया, जबकि अन्य ने कहा कि आज के समय में इस तरह के संदेश बेहद जरूरी हैं.
कई प्रतिक्रियाओं में यह भी सामने आया कि इस तरह की संवेदनशीलता हर उस व्यक्ति में होनी चाहिए, जो सीधे लोगों से जुड़ा होता है. वहीं, कुछ यूजर्स ने कहा कि इस वीडियो ने उनकी सोच बदलने में मदद की और उन्हें यह एहसास कराया कि डर के बीच भी भरोसा और इंसानियत अब भी जिंदा है.
यह घटना दिखाती है कि एक छोटा सा संदेश भी किसी के मन में सुरक्षा और सुकून की भावना पैदा कर सकता है
aajtak.in