गर्मियों का मौसम जैसे-जैसे तेज होता जा रहा है, वैसे-वैसे लोगों की जिंदगी में ठंडक की अहमियत भी बढ़ती जा रही है. आज के दौर में AC भले ही कई घरों में आम हो गया हो, लेकिन एक मिडिल क्लास परिवार के लिए ‘पहला AC’ सिर्फ एक सपना पूरा होने जैसा होता है.
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक साधारण परिवार के घर पहली बार AC आता है. @mihirr07_ ने अपने इंस्टा पेज पर यह वीडियो शेयर किया है. वीडियो में लिखा है-कूलर से AC का सफर.
वीडियो में एक मिडिल क्लास घर दिखता है. उस घर में जैसे किसी अजीज मेहमान के आने पर लोग घर के बाहर खड़े हो जाते हैं, वैसा ही माहौल नजर आता है. फर्क सिर्फ इतना है कि यहां मेहमान की जगह घर में AC आ रहा होता है, जिसे मजदूर कंधे पर उठाकर ला रहे होते हैं.
देखें वीडियो
वीडियो में आगे दिखता है कि जैसे ही AC इंस्टॉल होता है, पूरे घर में खुशी की लहर दौड़ जाती है. घर की मां AC को तिलक लगाती नजर आती हैं और देखते ही देखते घर का माहौल पूरी तरह बदल जाता है.
कमेंट सेक्शन में लोगों का कहना है कि AC अभी भी मिडिल क्लास के लिए एक लग्जरी है. ग्लोबल वार्मिंग और घरों में कम वेंटिलेशन की वजह से कूलर अब पर्याप्त ठंडक नहीं दे पाता. जैसे-जैसे गर्मी और उमस बढ़ती है, वैसे-वैसे AC की जरूरत भी बढ़ने लगती है.बता दें, इस वीडियो को 9 मिलियन से ज्यादा लोगों ने देखा है और 6 लाख से ज्यादा लोगों ने इसे लाइक किया है.
आइए जानते हैं लोगों ने क्या कमेंट किया .कुछ यूजर्स ने लिखा कि इस परिवार की खुशियां देखकर पता नहीं मैं इतना खुश क्यों हो रहा हूं. वहीं एक अन्य यूजर ने कहा कि सच्ची खुशी वही है, जब आप अपने मां-बाप की आंखों में खुशी देखते हैं.
aajtak.in