सोशल मीडिया पर तमिलनाडु के एक पेट्रोल पंप का वीडियो वायरल होने के बाद पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है. वीडियो में एक व्यक्ति बड़े प्लास्टिक के पानी वाले जार में पेट्रोल भरवाता हुआ दिखाई दे रहा था. इस घटना के सामने आने के बाद मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे पेट्रोल या डीजल को ढीले या असुरक्षित कंटेनरों में न लें और न ही स्टोर करें, क्योंकि इससे गंभीर सुरक्षा खतरे पैदा हो सकते हैं.
मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि देशभर के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है. इसलिए लोगों को किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान देने या घबराकर ईंधन जमा करने की जरूरत नहीं है. मंत्रालय के अनुसार, तमिलनाडु के जिस पेट्रोल पंप का वीडियो सामने आया था, वहां ढीले कंटेनर में पेट्रोल दिया जा रहा था, जो सुरक्षित नहीं माना जाता और ऐसा करना उचित नहीं है.
पेट्रोल पंप के खिलाफ हुई कार्रवाई
इस मामले में संबंधित पेट्रोल पंप के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे सस्पेंड कर दिया गया है. मंत्रालय ने यह भी कहा है कि देशभर के सभी पेट्रोल पंपों और डीलरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ईंधन देते समय सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें. यदि कोई भी पेट्रोल पंप इन नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. एक यूजर ने लिखा कि अफवाहों के माहौल में सरकार की तरफ से इस तरह का स्पष्ट संदेश आना जरूरी था. वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि जो लोग पेट्रोल जमा कर रहे हैं या ब्लैक मार्केटिंग की कोशिश कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
देखें पोस्ट
कुछ लोगों ने यह भी कहा कि तमिलनाडु में कई जगह पेट्रोल पंपों पर प्लास्टिक की बोतलों और कंटेनरों में पेट्रोल दिया जाता है और प्रशासन को इस पर कड़ी निगरानी रखनी चाहिए.
देखें वायरल वीडियो
इंडक्शन स्टोव की मांग बढ़ी
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईंधन की कमी को लेकर कई तरह की अफवाहें भी फैल रही हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक इन अफवाहों के कारण कुछ जगहों पर इंडक्शन स्टोव की मांग अचानक बढ़ गई है.इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो ऐसे भी सामने आए हैं, जिनमें लोग इमर्शन रॉड का इस्तेमाल करके खाना पकाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि इमर्शन रॉड खाना बनाने के लिए नहीं बनाई जाती. इस तरह इसका इस्तेमाल करना बिजली के झटके या आग लगने जैसे गंभीर खतरे पैदा कर सकता है.
aajtak.in