कभी सोचा है कि चोरी करने गया चोर खुद ही फंस जाए? गाजियाबाद में कुछ ऐसा ही हुआ, जहां एक युवक क्लिनिक में सेंध लगाने पहुंचा, लेकिन वह शटर में ही अटक गया. न अंदर जा पाया, न बाहर निकल पाया बस बीच में लटका रह गया. यह अजीब और थोड़ा फिल्मी सा मामला अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में चोरी की एक अजीब और नाकाम कोशिश इन दिनों चर्चा में है. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और कुछ लोग इसे मजाकिया नजर से भी देख रहे हैं. यह घटना गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके के अभय खंड में हुई. यहां एक लड़के ने चोरी के इरादे से एक क्लीनिक में घुसने की कोशिश की. बताया जा रहा है कि यह क्लिनिक एक हृदय रोग विशेषज्ञ का था. लड़का छत के रास्ते अंदर जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसकी यह कोशिश उलटी पड़ गई.
दरअसल, जब वह क्लिनिक के अंदर घुसने के लिए शटर और दीवार के बीच की संकरी जगह से निकलने लगा, तो उसी जगह उसकी गर्दन फंस गई. स्थिति इतनी खराब हो गई कि वह न तो अंदर जा पा रहा था और न ही बाहर निकल पा रहा था. वह बीच में ही हवा में लटक गया. काफी देर तक फंसे रहने के बाद लड़का घबरा गया. उसने बाहर निकलने के लिए काफी कोशिश की, लेकिन जब कोई रास्ता नहीं मिला, तो उसने शटर को जोर-जोर से लात मारना शुरू कर दिया ताकि किसी का ध्यान उसकी ओर जाए.
मौके पर पहुंची पुलिस ने चोर को बचाया
शटर की आवाज सुनकर पास के क्लिनिक के कर्मचारी सतर्क हो गए. वे तुरंत वहां पहुंचे और जो नजारा उन्होंने देखा, वह हैरान कर देने वाला था. एक लड़का शटर में फंसा हुआ था और बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति आसान नहीं थी. लड़का जिस तरह फंसा हुआ था, उसे बिना चोट पहुंचाए निकलना मुश्किल था. ऐसे में पुलिस ने अग्निशमन विभाग को बुलाया. कुछ ही समय में दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. यह टीम वैशाली फायर स्टेशन से आई थी. रात करीब 1:15 बजे बचाव कार्य शुरू किया गया. दमकलकर्मियों ने बहुत सावधानी के साथ काम किया. उन्होंने शटर के कुछ हिस्सों को हटाया और धीरे-धीरे लड़के को बाहर निकाला.
इस पूरे बचाव अभियान के दौरान लड़के को कोई गंभीर चोट नहीं आई. बाहर निकालने के बाद उसे पुलिस हिरासत में ले लिया गया. बाद में उसकी जांच और इलाज के लिए उसे सरकारी अस्पताल भेजा गया. इस घटना के बाद इलाके में काफी चर्चा हो रही है. लोग इस घटना को एक अजीब संयोग मान रहे हैं, जहां चोरी करने आया लड़का खुद ही फंस गया. कुछ लोग इसे सबक के रूप में भी देख रहे हैं कि गलत काम करने का नतीजा ऐसा भी हो सकता है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को देखकर लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग कह रहे हैं कि यह घटना फिल्मी सीन जैसी लगती है, जबकि कुछ इसे काफी फनी बता रहे हैं.
aajtak.in