सोशल मीडिया पर एक मजेदार वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक Gen Z कर्मचारी ऑनलाइन मीटिंग के दौरान कुछ अलग अंदाज़ में नजर आती है. वीडियो में देखा सकते हैं कि वह हरे रंग का नीम का फेस मास्क लगाकर और सिर पर तौलिया बांधकर मीटिंग में शामिल होती है. आमतौर पर लोग मीटिंग में फॉर्मल तरीके से आते हैं, लेकिन उसका यह अंदाज़ देखकर बाकी लोग अपनी हंसी रोकते नजर आते हैं.
बॉस का कूल रिएक्शन
इस वीडियो की सबसे खास बात यह रही कि बॉस ने कर्मचारी को डांटने के बजाय मजाकिया अंदाज़ में रिएक्ट किया. उन्होंने हंसते हुए पूछा कि यह कौन सा फेस मास्क है. कर्मचारी ने भी मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि यह नीम का फेस मास्क है और बॉस को भी इसे ट्राई करने की सलाह दे दी.
कौन है ‘नीम फेस मास्क गर्ल’?
इस कर्मचारी का नाम वर्तिका बिष्ट बताया जा रहा है, जो खुद को ‘नीम फेस मास्क गर्ल’ भी कहती हैं. सीईओ नरेश हरवानी ने भी बातचीत में हिस्सा लिया और पहले तो उन्हें लगा कि यह काले समुद्री शैवाल (सीवीड) का मास्क है, लेकिन बाद में सच्चाई जानकर सभी हंस पड़े.
सोशल मीडिया पर क्यों वायरल हो रहा वीडियो?
इस मजेदार बातचीत ने सोशल मीडिया यूजर्स का दिल जीत लिया. कई लोगों ने सीईओ के कूल और पॉजिटिव रवैये की तारीफ की. एक यूजर ने उन्हें 'सबसे बेस्ट सीईओ' तक कह दिया. कुछ लोगों ने कहा कि हर बॉस को ऐसा ही होना चाहिए
लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया
जहां कुछ लोग इस वीडियो को मजेदार और फ्रेंडली वर्क कल्चर का उदाहरण बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे अनप्रोफेशनल भी मान रहे हैं. कुछ यूजर्स का कहना है कि इससे वर्क फ्रॉम होम की इमेज खराब होती है. वहीं, कई लोग मानते हैं कि काम के बीच ऐसे हल्के पल जरूरी होते हैं.
बाद में सामने आई सच्चाई
बाद में पता चला कि यह पूरा वीडियो एक प्रैंक था, जो अचानक हुआ और फिर वायरल हो गया. सीईओ ने भी बताया कि उनकी टीम प्रोफेशनल तरीके से काम करती है, लेकिन कभी-कभी ऐसे छोटे मजेदार पल माहौल को हल्का बना देते हैं. यह वीडियो इसलिए वायरल हुआ क्योंकि इसमें काम के बीच एक मजेदार और अलग पल देखने को मिला. सीईओ का कूल रवैया और कर्मचारी का कॉन्फिडेंस—दोनों ने मिलकर इस वीडियो को लोगों के बीच खास बना दिया.
नोट: Aajtak.in इस खबर की पुष्टि नहीं करता है, यह सोशल मीडिया पर हो रहे वायरल दावे के आधार पर बनाई गई है.
aajtak.in