सोशल मीडिया पर इन दिनों एक भावुक करने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में गोपालगंज जिले के रामनगर गांव की एक दिव्यांग लड़की दिखाई दे रही है, जो बेहद मुश्किल हालात के बावजूद पढ़ाई के लिए रोज स्कूल जाती है. बताया जा रहा है कि लड़की का नाम सोनी कुमारी है. वीडियो में आप देख सकते हैं कि सोनी कुमारी बिना किसी सहारे के बड़ी मुश्किल से स्कूल पहुंचने की कोशिश करती है.उसका स्कूल गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर है और वह रोज इसी तरह संघर्ष करते हुए वहां तक पहुंचती है. सोनी के पिता नहीं हैं और उसकी मां मजदूरी करके घर चलाती है. परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसके पास व्हीलचेयर या ट्राइसाइकिल जैसी कोई सुविधा भी नहीं है.
मैथिली ठाकुर ने इस वीडियो को री-ट्वीट
बताया जा रहा है कि सोनी के लिए कई बार व्हीलचेयर दिलाने के लिए आवेदन भी दिया गया, लेकिन अब तक उसे कोई मदद नहीं मिल पाई. जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, लोगों की भावनाएं उमड़ पड़ी और बड़ी संख्या में यूजर्स उसकी मदद के लिए आगे आने लगे. इस मामले ने कई चर्चित लोगों का भी ध्यान खींचा. प्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर ने इस वीडियो को रीट्वीट करते हुए जिला प्रशासन से बच्ची की जानकारी मांगी. बाद में उन्होंने बताया कि उनकी पवन कुमार सिन्हा से फोन पर बात हुई है और प्रशासन ने जल्द ही सोनी को ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है.
सोशल मीडिया वायरल हो रहा पोस्ट
वहीं, एक्टर और समाजसेवी सोनू सूद ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि बच्ची का पता भेजा जाए, वह उसके घर तक व्हीलचेयर पहुंचा देंगे. इसके अलावा कई सामाजिक संगठनों और सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस मामले में दिलचस्पी दिखाई है. कुछ लोगों ने प्रशासन की जिम्मेदारी पर सवाल उठाए, तो कई यूजर्स ने समाज से मिलकर बच्ची की पढ़ाई और बेहतर भविष्य के लिए मदद करने की अपील की.
@_PreetiPandey नाम की यूजर ने लिखा- हमारी संस्थान दुलारी देवी फाउंडेशन इस बेटी की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाना चाहता है.... बेटी के जज़्बे को साधुवाद 01135551736 मुख्यालय पर संपर्क करें.
फिलहाल इस वायरल वीडियो ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि सोशल मीडिया कभी-कभी किसी जरूरतमंद की आवाज को दूर तक पहुंचा देता है. अब लोगों की नजर इस बात पर है कि सोनी कुमारी को वादा की गई मदद कितनी जल्दी मिल पाती है और उसके संघर्ष भरे सफर को कितना आसान बनाया जा सकता है.
aajtak.in