अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर भारत में ऑस्ट्रेलियाई हाई कमीशन ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें महिला डिप्लोमैट्स की अहम भूमिका को दिखाया गया है. वीडियो में बताया गया है कि ये महिलाएं किस तरह ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच रिश्तों को मजबूत बनाने में योगदान दे रही हैं.
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के मौके पर भारत में मौजूद ऑस्ट्रेलियाई हाई कमीशन ने एक ऐसा वीडियो शेयर किया. इस वीडियो में ऑस्ट्रेलिया की महिला डिप्लोमैट्स को एक अलग और स्टाइलिश अंदाज में पेश किया गया है, जो भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्तों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रही हैं.यह वीडियो भारत में ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया.
वीडियो में दिखीं महिला डिप्लोमैट्स की अलग झलक
वीडियो में ऑस्ट्रेलियाई हाई कमीशन में काम करने वाली कई महिला डिप्लोमैट्स को दिखाया गया है. हर महिला को उसके पद और जिम्मेदारियों के साथ पेश किया गया है.इससे दर्शकों को यह समझने का मौका मिलता है कि भारत में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करने वाली ये महिलाएं किन-किन अहम भूमिकाओं में काम कर रही हैं.
सिनेमाई अंदाज ने बनाया वीडियो खास
इस वीडियो की सबसे खास बात इसका सिनेमाई प्रेजेंटेशन है. पारंपरिक कूटनीतिक संदेश की जगह वीडियो को एक स्टाइलिश और एनर्जेटिक अंदाज़ में बनाया गया है.महिला डिप्लोमैट्स का आत्मविश्वास भरा परिचय, तेज बैकग्राउंड म्यूजिक और विजुअल प्रेजेंटेशन इसे किसी फिल्मी ट्रेलर जैसा अहसास देता है।
'धुरंधर' के म्यूजिक ने बढ़ाया प्रभाव
वीडियो में इस्तेमाल किया गया बैकग्राउंड म्यूजिक फिल्म धुरंधर के साउंडट्रैक से लिया गया है, जिसे निर्देशक अदित्य धर ने बनाया है.इस म्यूजिक ने वीडियो को और ज्यादा दमदार और प्रेरणादायक बना दिया.
हाई कमिश्नर ने जताया गर्व
वीडियो शेयर करते हुए फिलिप ग्रीन ने अपने सहयोगियों की तारीफ की. उन्होंने लिखा कि उन्हें ऑस्ट्रेलियाई हाई कमीशन की इन प्रभावशाली महिला सहयोगियों के साथ काम करने पर गर्व है, जो ऑस्ट्रेलिया-भारत साझेदारी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही हैं.उन्होंने इसे आधुनिक ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करने वाली महिलाओं से लोगों को परिचित कराने का एक मौका भी बताया.
सोशल मीडिया पर मिल रही तारीफ
वीडियो पोस्ट होते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा. कई यूजर्स ने इसकी क्रिएटिव प्रेजेंटेशन की तारीफ की और कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाने का एक अलग और प्रेरणादायक तरीका है.लोगों ने खास तौर पर इस बात की सराहना की कि वीडियो के जरिए कूटनीति में महिलाओं के योगदान को भी सामने लाया गया.
aajtak.in