दिल्ली के यमुना किनारे इन दिनों एक अनोखा विरोध प्रदर्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यहां कुछ युवा कॉकरोच की ड्रेस पहनकर नदी किनारे फैला कचरा साफ करते नजर आए. इस प्रदर्शन ने इंटरनेट पर लोगों का ध्यान इसलिए खींचा, क्योंकि यह सिर्फ सफाई अभियान नहीं था, बल्कि एक व्यंग्यात्मक विरोध भी था.
यह प्रदर्शन 17 मई को कालिंदी कुंज घाट पर हुआ, जिसे ‘अर्थ वॉरियर्स’ नाम के वॉलंटियर ग्रुप ने आयोजित किया था. वीडियो में युवा कॉकरोच कॉस्ट्यूम, एंटीना हेडबैंड और “मैं कॉकरोच हूं” जैसे पोस्टर लेकर यमुना किनारे प्लास्टिक और कचरा साफ करते दिखाई दिए.
दरअसल, यह विरोध हाल ही में सुप्रीम कोर्ट की एक सुनवाई के दौरान कथित तौर पर कही गई उस टिप्पणी के खिलाफ था, जिसमें भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने बेरोजगार युवाओं, RTI एक्टिविस्ट्स और सोशल मीडिया एक्टिविस्ट्स के संदर्भ में “कॉकरोच” शब्द का इस्तेमाल किया था. इस टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर काफी नाराजगी देखने को मिली.
देखें वायरल वीडियो
हालांकि बाद में CJI की तरफ से सफाई दी गई कि उनकी टिप्पणी पूरे भारतीय युवाओं के लिए नहीं थी, बल्कि उन लोगों के लिए थी जो फर्जी डिग्री या पेशेवर प्लेटफॉर्म का गलत इस्तेमाल कर रहे थे.
लेकिन इस बीच सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ यानी CJP का ट्रेंड शुरू हो गया. कालिंदी कुंज का यह प्रदर्शन उसी ट्रेंड का हिस्सा माना जा रहा है. प्रदर्शनकारियों ने सीधे टकराव की बजाय व्यंग्य का रास्ता चुना और खुद को ही “कॉकरोच” बताकर सफाई अभियान चलाया.
इंटरनेट पर कई लोगों ने इस विरोध को हाल के समय का सबसे क्रिएटिव और शांतिपूर्ण प्रदर्शन बताया. लोगों ने कहा कि जिन युवाओं को “कॉकरोच” कहा गया, वही यमुना साफ करते नजर आए, जबकि यह काम अक्सर प्रशासन नहीं कर पाता.
सोशल मीडिया पर अब कॉकरोच एक नए प्रतीक के तौर पर देखा जा रहा है, जो संघर्ष, नाराजगी और सिस्टम के खिलाफ व्यंग्यात्मक विरोध को दिखाता है.
aajtak.in