ब्रिटेन में एक किसान ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए. 55 टन वजनी युद्धक टैंक अब खेत जोतने के काम आ रहा है. यूनाइटेड किंगडम के कोवेंट्री में रहने वाले जो ह्यूज ने अपने पुराने Chieftain Mk.11 टैंक को मॉडिफाई करके ट्रैक्टर में बदल दिया.
यहां टैंक से हो रही है खेती
जो ह्यूज, जिन्हें लोग उनके यूट्यूब चैनल 'Mr Hewes' के नाम से जानते हैं, मिलिट्री वाहनों के शौकीन हैं. उन्होंने 2025 की शुरुआत में एक पुराना Chieftain Mk.11 टैंक खरीदा, जो करीब 30 साल से एक आर्मी बेस में खड़ा था. यह टैंक 1968 में बना था और कभी ब्रिटिश आर्मी का मुख्य युद्धक टैंक हुआ करता था.
30 साल पुराने टैंक को फिर से किया जिंदा
टैंक को दोबारा चालू करना आसान नहीं था. लंबे समय से बंद पड़े इंजन को स्टार्ट करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी. लेकिन जो और उनकी टीम ने आखिरकार इसे पुराने ईंधन के साथ ही चालू कर दिया.इसके बाद उन्होंने इसे सिर्फ शोपीस बनाकर रखने की बजाय खेतों में इस्तेमाल करने का फैसला किया.
देखें वीडियो
टैंक को कैसे बनाया ट्रैक्टर?
जो ह्यूज ने टैंक के पीछे खास तरह के ब्रैकेट और ट्रैक्टर जैसा थ्री-पॉइंट लिंकेज फिट किया. इसके साथ बड़ा दोतरफा हल जोड़ा गया, जिससे टैंक खेत जोतने लगा. हाइड्रॉलिक सिस्टम को भी खेती के उपकरणों के हिसाब से मॉडिफाई किया गया.
अगस्त 2025 में उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर 'Chieftain Tank Turned Tractor' The Ultimate Farming Machine! नाम का वीडियो शेयर किया, जिसमें यह विशाल टैंक खेत जोतता नजर आया.
नेशनल चैंपियनशिप में बना आकर्षण
अक्टूबर 2025 में आयोजित 74वीं ब्रिटिश राष्ट्रीय खेत-जुताई चैंपियनशिप और कंट्री फेस्टिवलमें यह टैंक सबसे बड़ा आकर्षण बन गया. हजारों लोग 55 टन के इस टैंक को खेतों में काम करते देखने पहुंचे.लोग इसकी भारी इंजन साउंड को 'डायनासोर की दहाड़' बता रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी वीडियो तेजी से वायरल हो गया.
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?
वीडियो देखने के बाद यूजर्स मजेदार कमेंट कर रहे हैं. किसी ने लिखा युद्ध नहीं, अन्न उगाओ.वहीं दूसरे यूजर ने इसे 'दुनिया का सबसे कूल ट्रैक्टर' बताया.जो ह्यूज का कहना है कि यह उनके अजीबोगरीब आइडियाज प्रोजेक्ट का हिस्सा है, लेकिन इसमें क्रिएटिविटी और इंजीनियरिंग का मजेदार मेल देखने को मिलता है.यह कहानी दिखाती है कि कभी युद्ध के लिए बनी मशीन को भी नए तरीके से इस्तेमाल कर खेती जैसे काम में लगाया जा सकता है.
aajtak.in