ब्राजील में ग्रेट ब्रिटेन जितने बड़े क्षेत्रफल में फैले दीमकों के टीले अंतरिक्ष से देखे जा सकते हैं. इस 'मेगासिटी' में हजारों वर्षों में नन्हे कीड़ों द्वारा निर्मित 20 करोड़ संरचनाएं शामिल हैं.
डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्राजील में पाई जाने वाली दीमक की एक प्रजाति, सिंटर्म्स डायरस ने 7 फीट ऊंचे टीलों का एक विशाल संग्रह बनाया है, जो ग्रेट ब्रिटेन के क्षेत्रफल के बराबर इलाके में फैला हुआ है.
एक-एक टीले को पूरा होने में हजारों साल लगे हैं और इनमें से कई टीलों का डायमीटर लगभग 30 फीट तक है. हालांकि, इन टीलों (मुरुंडा) की संख्या इतनी ज्यादा है कि सामूहिक रूप से ये एक विशाल लैंडमार्क बन गए हैं जो कई मील ऊपर स्पेस से भी दिखाई देते हैं.
ये नन्हे-मुन्ने कीड़े, जिनकी लंबाई आधे इंच से थोड़ी ही अधिक होती है, लगभग पूरी तरह से एक ही प्रकार के पेड़ की सड़ती हुई पत्तियों पर जीवित रहते हैं. शोधकर्ताओं का कहना है कि इनके विशाल टीले असल में कई मील तक फैले दीमकों के अंडरग्राउंड शहरों के एक बड़े नेटवर्क के कूड़े पहाड़ हैं. ये टीले ठीक उसी तरह हैं, जैसे हमारे शहरों के आसपास डंपिंग यार्ड में कूड़े के पहाड़ बन जाते हैं.
4000 साल पुराने हैं दीमकों के ये घर
इस क्षेत्र की कठोर, सूखी और बंजर मिट्टी न केवल इन सरंचनाओं के निर्माण के लिए आदर्श है, बल्कि किसानों के लिए भी अनुपयुक्त हैं. यही वजह है कि यहां दीमकों के कुछ टीलों की उम्र 4,000 वर्ष है. इसका मतलब है कि इतने सालों से इस इलाके में कोई मानवीय गतिविधियां नहीं हुई हैं.
हालांकि स्थानीय लोग कई सदियों से इन टीलों से परिचित थे, लेकिन संरचनाओं की विशालता और स्थिरता का पता हाल ही में तब चला जब उन्हें सैटेलाइट तस्वीरों में देखा गया. सैलफोर्ड विश्वविद्यालय के स्टीफन मार्टिन ने 2018 में न्यू साइंटिस्ट को बताया कि मैंने गूगल अर्थ पर देखा और महसूस किया कि वे इस क्षेत्र में हर जगह हैं, लेकिन मुझे उनके बारे में ऑनलाइन कुछ भी नहीं मिला.
यह भी पढ़ें: 9 साल में 139 बार दिया ड्राइविंग टेस्ट, अंत में मुश्किल से हो सका पास
दीमक आस-पास के कैटिंगा जंगलों से छोटे, कांटेदार पत्ते इकट्ठा करते हैं जो साल में केवल एक बार गिरते हैं, और मार्टिन का कहना है कि उन्हें जितना हो सके उतना इकट्ठा करने की होड़ लगी रहती है. यह ऐसा है जैसे अगर सभी सुपरमार्केट साल में एक दिन के लिए खुले हों - जिसके पास सबसे तेज कार होगी उसे सबसे ज़्यादा खाना मिलेगा.
सुपरमार्केट तक जितनी जल्दी हो सके पहुंचने के लिए आपको सड़कों के एक नेटवर्क की आवश्यकता है क्योंकि आप दूसरी कॉलोनियों के साथ खुली प्रतिस्पर्धा में होते हैं. शोधकर्ताओं ने यह भी बताया कि प्रत्येक टीला एक अलग कॉलोनी का है.
aajtak.in