राजधानी भोपाल अपनी तहजीब के साथ-साथ अनोखे ‘जुगाड़’ के लिए भी जानी जाती है. इसी जुगाड़ का एक ताजा उदाहरण इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मामला भोपाल के एयरपोर्ट रोड का बताया जा रहा है, जहां एक ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया.
वीडियो में एक शख्स ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर पर सवार नजर आता है. पहली नजर में यह एक सामान्य दृश्य लगता है, लेकिन जैसे ही कैमरा स्कूटर की डिग्गी की तरफ जाता है, कहानी बदल जाती है. स्कूटर की डिग्गी के अंदर दो छोटे बकरी के बच्चे आराम से बैठे हुए दिखाई देते हैं. हैरानी की बात यह है कि दोनों बच्चे बिना किसी परेशानी के उसी में बैठे सफर करते नजर आ रहे हैं.
बताया जा रहा है कि यह वीडियो किसी राहगीर ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया, जब उसने यह अनोखा दृश्य देखा. इसके बाद यह क्लिप सोशल मीडिया पर शेयर कर दी गई, जहां देखते ही देखते वायरल हो गई. अब लोग इस पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं और अपने-अपने अंदाज में मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं.
देखें वीडियो
सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को ‘भोपाल का देसी जुगाड़’ बता रहे हैं. कुछ लोगों ने ओला स्कूटर के स्टोरेज स्पेस की तारीफ करते हुए लिखा कि इसका ऐसा इस्तेमाल पहले कभी नहीं देखा. वहीं कुछ यूजर्स ने मजाक में कहा कि “भोपाल में कुछ भी मुमकिन है.”
हालांकि, यह वीडियो जितना मजेदार नजर आता है, उतना ही यह चर्चा का विषय भी बन गया है. कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या इस तरह जानवरों को स्कूटर की डिग्गी में ले जाना सुरक्षित है. वहीं कुछ लोगों का मानना है कि यह सिर्फ एक जुगाड़ नहीं, बल्कि लोगों की सोच और व्यवहार को भी दिखाता है.
फिलहाल यह वीडियो इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींच रहा है और एक बार फिर यह साबित कर रहा है कि भोपाल अपने अनोखे अंदाज के लिए क्यों जाना जाता है.
धर्मेंद्र साहू