बेंगलुरु से सामने आया एक दिलचस्प वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कंटेंट क्रिएटर Cassie Pereira ने पानीपुरी के स्टॉल पर एक दिन काम करके सभी को चौंका दिया. इस वीडियो में न सिर्फ उन्होंने स्ट्रीट फूड के काम को करीब से दिखाया, बल्कि एक छोटे से ठेले की कमाई का ऐसा सच सामने रखा, जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया. खास बात यह है कि इस अनुभव के जरिए उन्होंने यह दिखाया कि मेहनत और सही तरीके से काम करने पर छोटे बिजनेस भी अच्छी कमाई का जरिया बन सकते हैं.
इस वीडियो में उन्होंने एक दिन पानीपुरी के स्टॉल पर काम किया और वहां की कमाई के बारे में बताया. कैसी ने अपने अनुभव को वीडियो में रिकॉर्ड किया. सबसे पहले उन्होंने स्टॉल पर काम सीखना शुरू किया, जैसे प्याज काटना, आलू छीलना और पानी पुरी का मसाला तैयार करना. इसके बाद जब उन्हें काम समझ आ गया, तो उन्होंने ग्राहकों को पानीपुरी सर्व करना भी शुरू कर दिया.
हर दिन लगभग 3 हजार की कमाई
शुरुआत में कैसी को थोड़ा डर और घबराहट महसूस हुई, लेकिन जैसे-जैसे ग्राहकों की भीड़ बढ़ी, वह काम में सहज हो गईं. उन्होंने बताया कि सिर्फ एक घंटे में करीब 120 पानीपुरी बिक गईं, जिससे उन्हें अंदाजा हुआ कि इस काम में अच्छी कमाई हो सकती है. कैसी ने बताया कि यह स्टॉल हर दिन शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक खुलता है. जैसे-जैसे शाम होती है, ग्राहकों की संख्या भी बढ़ती जाती है. इस दौरान कुछ लोग उन्हें पहचान भी गए, क्योंकि वह एक कंटेंट क्रिएटर हैं.
कमाई की बात करें तो उन्होंने बताया कि एक प्लेट पानीपुरी की कीमत ₹30 है. रोजाना लगभग 80 से 100 प्लेट बिकती हैं. यानी एक दिन में करीब ₹3,000 की कमाई हो जाती है. उनके हिसाब से यह कमाई महीने में लगभग ₹90,000 और साल में करीब ₹10.8 लाख तक पहुंच सकती है. इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोग अलग-अलग तरह की बातें कर रहे हैं. कुछ लोग हैरान हैं कि एक छोटे से स्टॉल से इतनी अच्छी कमाई हो सकती है, वहीं कुछ लोग इसे नौकरी और डिग्री से तुलना कर रहे हैं. कुल मिलाकर, इस वीडियो ने यह दिखाया कि छोटे बिजनेस भी सही तरीके से चलाए जाएं तो अच्छी कमाई कर सकते हैं.
aajtak.in