एयरपोर्ट हो या कोई भी कैफे, रेस्टोरेंट या फिर मॉल... जब भी किसी बॉलीवुड सेलिब्रिटी की एंट्री वहां होती है, माहौल अचानक बदल जाता है. वहां मौजूद सभी लोगों की नजरें खुद-ब-खुद सेलिब्रिटी की तरफ घूम जाती हैं. किसी भी जगह पर सेलिब्रिटीज को आम लोगों से बहुत ही अलग सुविधाएं दी जाती हैं. ये खास सुविधाएं उन्हें भीड़ से अलग करती हैं. जहां कुछ लोग इस बात को समझते हैं, वहीं बहुत से लोगों को ये खटकने लगती हैं. दरअसल, आम लोगों के दिलों में एक सवाल अक्सर खड़ा हो जाता है कि क्या सेलिब्रिटीज को मिलने वाली खास सुविधाएं सही हैं या ये आम लोगों के साथ नाइंसाफी है?
हाल ही में ऐसा ही एक मामला चर्चा में है, जहां बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वो मुंबई एयरपोर्ट पर लंबी लाइन को छोड़कर सीधे एंट्री गेट की तरफ जाती नजर आ रही हैं. जैसे ही ये क्लिप सोशल मीडिया पर आई, वैसे ही बहस छिड़ गई. कुछ लोगों ने इसे वीआईपी (VIP) कल्चर का उदाहरण बताया, तो कुछ ने इसे एक नॉर्मल सुविधा या पेड सर्विस का हिस्सा बताया.
हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर ये सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या पब्लिक प्लेस पर सभी के लिए नियम एक जैसे होने चाहिए, या फिर सेलिब्रिटीज को उनकी पहचान और स्टेटस के आधार पर अलग और वीआईपी सुविधाएं मिलना जायज है?
करीना का वीडियो वायरल
बॉलीवुड की बेबो यानी करीना को मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया. इस दौरान का एक वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में करीना एयरपोर्ट के एंट्री गेट पर लगी लंबी लाइन को इग्नोर करके सीधे सिक्योरिटी चेक की ओर बढ़ते देखा गया. जैसे ही ये वीडियो ट्विटर पर शेयर किया गया, तो इसे बहुत व्यूज मिले और देखते ही देखते इसने सेलिब्रिटी प्रिविलेज बनाम आम नागरिक की बहस छेड़ दी.
करीना पर फूटा लोगों का गुस्सा!
करीना का लाइन छोड़कर यूं सीधा सिक्योरिटी चेक गेट पर जाना लोगों को बिल्कुल पसंद नहीं आया और इसको लेकर उनमें काफी नाराजगी देखने को मिली. कई यूजर्स का कहना है कि नियम सभी के लिए एक जैसे होने चाहिए और कोई भी इंसान दूसरों से ऊपर नहीं है.
कुछ लोगों ने ये भी कहा कि अगर यही काम कोई आम आदमी करता, तो उसे तुरंत रोक दिया जाता. वहीं, कई लोगों ने सवाल उठाया कि लाइन में खड़े बाकी लोग चुप क्यों रहे. कुल मिलाकर लोगों का मानना है कि एयरपोर्ट जैसे पब्लिक प्लेस पर सभी के लिए बराबर नियम लागू होने चाहिए.
पोस्ट में यूजर ने उठाए सवाल
पोस्ट में एक्स यूजर ने लिखा, 'करीना कपूर ने एयरपोर्ट पर लाइन तोड़ दी और सीधे गेट की ओर चली गईं. आखिर सेलिब्रिटीज को ऐसा करने की छूट क्यों मिलती है? उन्हें ये अधिकार किसने दिया? एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे बाकी लोगों को भी अपनी फ्लाइट पकड़नी होती है. ये सबके साथ बिल्कुल भी सही नहीं है.'
कुछ लोगों ने किया बचाव
वहीं दूसरी तरफ कई यूजर्स ने एक्ट्रेस का सपोर्ट किया. उनका कहना है कि एयरपोर्ट पर पेड वीआईपी या एक्सप्रेस एंट्री जैसी सर्विस होती है, जिसमें पैसे देकर जल्दी एंट्री मिल सकती है, इसलिए हो सकता है कि करीना ने उसी सुविधा का इस्तेमाल किया हो. कुछ लोगों ने ये भी कहा कि भारत में अब भी कई लोग लाइन में खड़े होने का बेसिक एटीकेट ठीक से फॉलो नहीं करते, ऐसे में इस तरह की सेवाएं जरूरी हो जाती हैं.
एक यूजर ने लिखा, 'एक पेड सर्विस है, जहां आप भी 6,000 रुपये देकर वही कर सकते हैं जो करीना ने किया. शायद उन्होंने भी इस एक्सप्रेस सर्विस के लिए पैसे दिए होंगे.'
क्या हैं एयरपोर्ट की प्रीमियम / वीआईपी सेवाएं?
एयरपोर्ट पर सिर्फ आम लाइन में लगकर ही सफर नहीं किया जाता, बल्कि कुछ लोग पैसे देकर या अपने स्टेटस के आधार पर प्रीमियम सेवाएं भी ले सकते हैं. ये सेवाएं समय बचाने और सफर को ज्यादा आरामदायक बनाने के लिए दी जाती हैं. एयरपोर्ट पर मिलने वाली सेवाओं में शामिल हैं:
1. मीट एंड ग्रीट सर्विस: ये वो सर्विस है, जिसमें एयरपोर्ट पर एक स्टाफ मेंबर (एग्जीक्यूटिव) आपकी मदद के लिए मौजूद रहता है. वो आपको एयरपोर्ट पर एंट्री करने से लेकर बोर्डिंग गेट तक गाइड करता है, जिससे आपको कहीं भटकना नहीं पड़ता. इस सर्विस का एक फायदा ये भी है कि आप कई जगहों पर लंबी लाइनों में खड़े होने से बच जाते हैं और आपका प्रोसेस तेजी से हो जाता है.
2. फास्ट ट्रैक/एक्सप्रेस सिक्योरिटी: एयरपोर्ट पर मौजूद इस सुविधा में सिक्योरिटी चेक तक पहुंचने के लिए आम लोगों से अलग लाइन मिलती है. इसके जरिए आपको लंबी लाइन में खड़ा नहीं होना पड़ता और आप तेजी से सिक्योरिटी चेक तक पहुंच पाते हैं. ये उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जिनके पास समय कम होता है.
3. एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस: एयरपोर्ट लाउंज एक खास जगह होती है, जहां आप आराम से बैठ सकते हैं. यहां खाने-पीने की सुविधा, वाई-फाई और भीड़-भाड़ से दूर शांत माहौल मिलता है. ये सुविधा आमतौर पर बिजनेस क्लास यात्रियों या प्रीमियम क्रेडिट कार्ड रखने वालों को मिलती है, लेकिन कई जगह इसे पैसे देकर भी लिया जा सकता है.
4. बग्गी/पर्सनल एसिस्टेंट: बड़े-बड़े एयरपोर्ट्स पर एक जगह से दूसरी जगह जाना काफी लंबा हो सकता है. ऐसे में बैटरी से चलने वाली छोटी गाड़ी/बग्गी की सुविधा दी जाती है. ये सुविधा खासकर बुजुर्गों, बच्चों या वीआईपी यात्रियों के लिए बहुत मददगार होती है.
5. पेड वीआईपी सर्विसेज: कुछ एयरपोर्ट्स पर आप 3000 रुपये से 6000 रुपये तक खर्च करके वीआईपी एंट्री सर्विस ले सकते हैं.
इसमें एंट्री, सिक्योरिटी और बाकी प्रोसेस जल्दी हो जाते हैं. अच्छी बात ये है कि यह सुविधा सिर्फ सेलिब्रिटीज के लिए नहीं, बल्कि आम लोग भी पैसे देकर इसका फायदा उठा सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क