मैं पिछले कुछ हफ्तों से V-Guard Luxecube 15 लीटर गीजर इस्तेमाल कर रहा हूं. पहली नजर में इसका डिज़ाइन मुझे मॉडर्न और प्रीमियम लगा. विंटर सीजन खत्म हो रहा है, लेकिन अभी भी गीजर का यूज हो रहा है.
आम तौर पर मॉडर्न होम्स में सालों भर गीजर चलते हैं, क्योंकि वहां सेंट्रलाइज एसी होता है. ऐसे में सुबह उठते ही ढंडक महसूस होती है.
अच्छी बात ये है कि इस गीजर में अलग अलग सेटिंग्स है, जिससे आप हीट कंट्रोल कर सकते हैं. यानी अगर Lukewarm वॉटर से नहाना है तो आपको टेंप्रेचर मोबाइल से ही कंट्रोल कर सकते हैं.
प्रीमियम बिल्ड, मॉडर्न डिज़ाइन
बॉडी स्लिम है और बाथरूम की दीवार पर अच्छा बैठती है. बाहर की शेल मजबूत प्लास्टिक की है जो नमी में भी जल्दी खराब नहीं होती. टैंक के अंदर कंपनी की टाइटेनियम-इन्फ्यूज्ड एनामेल कोटिंग है, जिससे रस्ट और हार्ड वॉटर से बचाव मिलता है.
मेरे इलाके में पानी थोड़ा हार्ड है, फिर भी अब तक अंदर से किसी तरह की बदबू या जंग जैसी प्रॉब्लम नहीं दिखी. सामने की तरफ डिजिटल लुक और लक्स ग्लो वाली हल्की लाइटिंग इसे आम गीजर से अलग फील देती है.
इंस्टॉलेशन का एक्सपीरिएंस आसान रहा. कंपनी के टेक्नीशियन आए और दीवार पर सही ऊंचाई पर माउंट किया. पाइप फिटिंग और बिजली का कनेक्शन एक ही विजिट में हो गया. पूरे प्रोसेस में करीब 30 से 40 मिनट लगे.
हाई-राइज बिल्डिंग में पानी का प्रेशर ज्यादा रहता है, वहां यह गीजर ठीक से काम करता है क्योंकि यह 0.8 एमपीए तक प्रेशर हैंडल कर सकता है.
इंस्टॉलेशन के वक्त सेफ्टी वाल्व और अर्थिंग की जांच भी की गई. यह अच्छी बात है क्योंकि गीजर में सेफ्टी सबसे जरूरी होती है.
परफ़ॉर्मेंस
परफॉर्मेंस के मामले में यह गीजर मुझे रोज़ के इस्तेमाल में भरोसेमंद लगा. इसमें कंपनी की एडवांस्ड थर्मोक्लाइन टेक्नोलॉजी दी गई है, जिससे टैंक के अंदर गर्म और ठंडे पानी की लेयर सही तरह बनी रहती है.
इसका असर यह होता है कि नहाते वक्त बीच में पानी अचानक ठंडा नहीं पड़ता. 15 लीटर कैपेसिटी मेरे घर में दो से तीन लोगों के लिए आराम से चल जाती है.
लंबे समय तक गर्म रहता है पानी
कंपनी का दावा है कि इस टेक्नोलॉजी से इस्तेमाल के लिए ज्यादा गर्म पानी मिलता है. रियल लाइफ में भी मुझे लगा कि पुराने गीजर के मुकाबले यहां एक बाथ में पानी थोड़ा ज्यादा देर तक गर्म रहता है.
हीटिंग टाइम भी तेज है और सर्दियों में यह बात काम आती है. यह 5 स्टार एनर्जी रेटिंग वाला मॉडल है, इसलिए बिजली की खपत पुराने गीजर के मुकाबले कम महसूस हुई.
फीचर्स की बात करें तो इसमें डिजिटल डिस्प्ले वाला वर्जन मिलता है, जिसमें टेंप्रेचर साफ दिखता है. अंदर सीएफसी-फ्री पीयूएफ इंसुलेशन है, जिससे पानी देर तक गर्म रहता है और बार-बार हीटर ऑन नहीं करना पड़ता.
हीटिंग एलिमेंट मजबूत बनाया गया है ताकि हार्ड वाटर में भी जल्दी खराब न हो. टैंक पर लंबी वारंटी मिलती है और हीटिंग एलिमेंट पर अलग वारंटी है, जो भरोसा देती है कि लंबे समय तक चलाने के लिए इसे बनाया गया है.
ऐप कंट्रोल
अगर आप स्मार्ट वर्जन लेते हैं तो इसमें ऐप कंट्रोल भी मिलता है. मैंने V-Guard की स्मार्ट ऐप से गीजर को फोन से कंट्रोल किया. ऐप पर ऑन-ऑफ, टाइमर और शेड्यूल सेट करने का ऑप्शन मिलता है.
सुबह नहाने से पहले मैं रात में टाइमर लगा देता हूं ताकि तय समय पर पानी गर्म मिल जाए. ऐप में एनर्जी यूज़ का अंदाज़ा भी दिखता है, जिससे समझ आता है कि कितनी बार गीजर ऑन हुआ. वॉइस असिस्टेंट सपोर्ट भी काम करता है, लेकिन इसके लिए घर में इंटरनेट ठीक होना जरूरी है.
कभी-कभी नेटवर्क स्लो होने पर ऐप का रिस्पॉन्स थोड़ा देर से आता है, लेकिन कुल मिलाकर कंट्रोल आसान और काम का है.
मेंटेनेंस के लिहाज से यह गीजर ज्यादा झंझट वाला नहीं लगा. टेक्नीशियन ने बताया कि साल में एक बार सर्विस करा लेना अच्छा रहता है, खासकर हार्ड वॉटर एरिया में.
इससे टैंक के अंदर जमा परत साफ हो जाती है और हीटिंग एलिमेंट की लाइफ बढ़ती है. एनर्जी कंजम्प्शन की बात करें तो रोज़ के इस्तेमाल में यह उतनी बिजली नहीं खाता जितनी पुराने नॉन-स्टार गीजर लेते थे.
अगर आप दिन में एक से दो बार नहाते हैं और टाइमर का सही इस्तेमाल करते हैं, तो महीने के बिल में बहुत बड़ा फर्क नहीं पड़ता.
कुछ कमियां भी महसूस हुईं. 15 लीटर कैपेसिटी छोटे परिवार के लिए ठीक है, लेकिन चार या उससे ज्यादा लोगों के लिए यह कम पड़ सकता है.
स्मार्ट वर्जन की कीमत नॉर्मल मॉडल से ज्यादा है, इसलिए अगर आपको ऐप कंट्रोल की जरूरत नहीं है तो नॉन-स्मार्ट वर्जन भी ठीक विकल्प हो सकता है. बहुत कम इंटरनेट स्पीड वाले इलाकों में ऐप फीचर का फायदा पूरी तरह नहीं मिल पाता.
V-Guard Luxcube: Bottom Line
ओवरऑल, मेरे अनुभव में V-Guard Luxecube डेली के इस्तेमाल के लिए अच्छा और भरोसेमंद गीजर लगा. डिज़ाइन प्रीमियम है, परफॉर्मेंस स्थिर है और स्मार्ट फीचर्स काम के हैं. अगर आपका बजट इस रेंज में है और आप एनर्जी सेविंग के साथ बेहतर हॉट वाटर एक्सपीरियंस चाहते हैं, तो यह गीजर लेने लायक ऑप्शन बनता है.
आज तक रेटिंग: 9/10
मुन्ज़िर अहमद