कोरोना (Corona) की वजह से एक साल देरी से हो रहे टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympic) में शामिल होने के लिए भारत के खिलाड़ी वहां पहुंच गए हैं. भारतीय हॉकी टीम (Indian Hockey Team) के खिलाड़ी भी टोक्यो पहुंच चुके हैं.
इस टीम में उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के रहने वाले सिमरन जीत सिंह (Simran Jeet Singh) ने भी जगह बनाई है. वो भी टोक्यो पहुंच चुके हैं. हॉकी टीम में सिलेक्शन होने के बाद से सिमरन जीत के घर पर लोगों का आना-जाना लगा हुआ है. लोग उन्हें गोल्ड मेडल (Gold Medal) जीतने की शुभकामनाएं दे रहे हैं.
टोक्यो ओलंपिक में 22 जुलाई से 12 देशों की टीमों के बीच मैच शुरू होने हैं. इसका फाइनल मुकाबला 7 अगस्त को खेला जाएगा. हॉकी टीम में सिमरन जीत को जगह मिलने पर पीलीभीत के लोग उनके घर पहुंच कर परिजनों को बधाई दे रहे हैं.
पंजाब में ली ट्रेनिंग
सिमरन जीत सिंह यूपी के पीलीभीत के मझोला कस्बे के रहने वाले हैं. उनकी शुरुआती पढ़ाई भी पीलीभीत में ही हुई, लेकिन उसके बाद वो पंजाब चले गए. सिमरन जीत सिंह पंजाब में अपने रिश्तेदार के घर रहते हैं और वहीं उन्होंने हॉकी की ट्रेनिंग भी ली. सिमरन जीत सिंह लखनऊ में 2016 आयोजित जूनियर वर्ल्ड कप के विजेता रहे. इसके अलावा 2018 में भुवनेश्वर में सीनियर वर्ल्ड कप में भाग लिया. और अब उन्हें टोक्यो ओलंपिक में खेलने का मौका मिला है.
बधाई के लिए लोगों का आना-जाना लगा
सिमरन जीत के पिता का कहना है कि उनके घर इस समय लगातार लोगों का आना-जाना लगा है जो उनके बेटे को गोल्ड मेडल जीतने के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं. वहीं, जिले के हॉकी कोच आबिद अली का कहना है कि ये हमारे लिए गर्व की बात है कि हमारे जिले का खिलाड़ी टोक्यो ओलंपिक में खेल रहा है. इससे आने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा.
सौरभ पांडे