‘यदि दक्षिण अफ्रीकी टीम भारत दौरे पर होती, तो उपमहाद्वीप के हालात में ढलने के लिए कम से कम एक अभ्यास मैच जरूर खेलती.’ दक्षिण अफ्रीका के पूर्व हरफनमौला लांस क्लूजनर ने भारत की साउथ अफ्रीका दौरे के पहले ही टेस्ट में हार के बाद ऐसा कहा है.
उन्होंने कहा ,‘अभ्यास मैच खेलना हमेशा अच्छा होता है. यदि भारतीय टीम उपमहाद्वीप के दौरे पर होती, तो अभ्यास मैच नहीं खेलने से कोई फर्क नहीं पड़ता, लेकिन दक्षिण अफ्रीका में खेलने से पहले अभ्यास मैच से अनुकूलन में मदद मिलती.'
क्लूजनर ने कहा ,‘भारत पहले मैच की हार से काफी कुछ सीख सकता है. पंड्या यदि वह पारी नहीं खेलता तो परिणाम और बदतर होता. भारत के लिए यह सबक है और अब उसे अधिक मजबूती से तेज गेंदबाजों की चुनौती का सामना करना होगा.’
उन्होंने कहा,‘दक्षिण अफ्रीका में हमेशा आपको तेज आक्रमण का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा, उन्होंने चार तेज गेंदबाजों को उतारा. भारत के लिए यह चुनौतीपूर्ण था खासकर तब, जबकि वे अभी श्रीलंका से खेलकर आये हैं.’
उन्होंने कहा,‘अपनी सरजमीं पर उस सीरीज में भारत को असली तेज आक्रमण झेलना नहीं पड़ा. इस टेस्ट में उन्होंने संघर्ष किया, लेकिन छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए हार गए. यह काफी निराशाजनक होगा.’
भारतीय गेंदबाजों की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा ,‘दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों की तुलना में उनके पास रफ्तार की कमी थी, लेकिन उनकी लेंथ कमाल की थे. अतीत में भारतीय तेज गेंदबाज यहां आकर उछाल से धोखा खा जाते थे, लेकिन इस बार उन्होंने पूरी लंबाई की गेंद डाली और रणनीति पर बखूबी अमल किया.’
विश्व मोहन मिश्र