साउथ अफ्रीका के स्पिनर तबरेज शम्सी ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मैच में अच्छी गेंदबाजी करते हुए दो विकेट लिए. उन्होंने मोहम्मद हफीज और फखर जमां को पवेलियन भेजा. हालांकि उनके इस प्रदर्शन के बावजूद साउथ अफ्रीका मैच नहीं जीत सकी.
विकेट लेने के बाद तबरेश शम्सी ने जिस अंदाज में जश्न मनाया वो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. उन्होंने हफीज को स्टम्प कराया. हफीज का ये 100वां टी20 इंटरनेशनल मैच था. हफीज शोएब मलिक के बाद पाकिस्तान की ओर से 100 टी20आई खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं.
शम्सी ने हफीज को आउट करने के बाद अपना जूता निकाला और उसे कान पर रखा. वह ऐसा दिखाना चाह रहे थे जैसे कि वह किसी को कॉल कर रहे हों. शम्सी इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट में अपने जश्न मनाने के तरीके को लेकर जाने जाते हैं.
शम्सी के जश्न मनाने के तरीके पर उनके साथी खिलाड़ी रैसी वैन डेर डुसेन ने खुलासा किया है. उन्होंने कहा कि शम्सी विकेट लेने के बाद कान पर जूता लेकर दिखा रहे थे कि वह इमरान ताहिर से बात कर रहे हैं. डुसेन ने कहा कि शम्सी हमेशा इमरान को कॉल करते हैं. इमरान तबरेज शम्सी के लिए हीरो हैं. दोनों साथ में काफी मेहनत करते हैं.
तबरेज शम्सी का करियर
तबरेज शम्सी ने साउथ अफ्रीका के लिए 30 टी20 मैच खेले हैं. उन्होंने 27 विकेट लिए हैं. वहीं उन्होंने 2 टेस्ट मैचों में 6 विकेट लिए हैं. तबरेज शम्सी ने 24 वनडे मैच खेले हैं. जिसमें उन्होंने 27 विकेट झटके हैं.
aajtak.in