Vijay Hazare Trophy Saurashtra vs Maharashtra: भारतीय घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी 2022 सीजन में सौराष्ट्र की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया. साथ ही दूसरी बार खिताब पर कब्जा जमाया. सौराष्ट्र ने फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र टीम को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी. इसी के साथ महाराष्ट्र का पहली बार खिताब जीतने का सपना भी टूट गया.
50-50 ओवर के इस मैच में दो शतक आए. पहले महाराष्ट्र टीम के लिए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 131 गेंदों पर 108 रनों की पारी खेली. मगर उनके इस शतक पर सौराष्ट्र के ओपनर शेल्डन जैक्शन ने पानी फेर दिया. उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में 136 गेंदों पर नाबाद 133 रन बनाते हुई अपनी टीम को खिताब जिताया.
ऋतुराज के अलावा कोई बल्लेबाज नहीं चल सका
बता दें कि मैच में महाराष्ट्र की टीम ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 9 विकेट पर 248 रन बनाए थे. टीम के लिए ऋतुराज गायकवाड़ के अलावा कोई भी बल्लेबाज अपनी चमक नहीं बिखेर सका. उनके अलावा अजीम काजी ने 37 और नौशाद शेख ने 31 रन बनाए. जबकि सौराष्ट्र के मीडियम पेस बॉलर चिराग जानी ने शानदार गेंदबाजी की और 43 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए.
बैटिंग के बाद महाराष्ट्र की गेंदबाजी भी रही बेदम
249 रनों के टारगेट के जवाब में सौराष्ट्र की टीम ने 46.3 ओवर में ही 5 विकेट गंवाकर यह मैच अपने नाम कर लिया. टीम के लिए शेल्डन जैक्शन ने नाबाद 133 रनों की पारी खेली, जबकि हारविक देसाई ने 67 बॉल पर 50 रन बनाए. आखिर में ऑलराउंडर चिराग जानी ने नाबाद 30 रन बनाए और जैक्शन के साथ मैच जिताकर ही लौटे.
मैच में पहले तो महाराष्ट्र टीम की बल्लेबाजी में दम नजर नहीं आया. अकेले कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ही लड़ते नजर आए. इसके बाद जब गेंदबाजी की बारी आई, तो उन्होंने भी निराश ही किया. गेंदबाजी में मुकेश चौधरी और विक्की ओस्तवाल ने सबसे ज्यादा 2-2 विकेट झटके.
सौराष्ट्र ने 14 साल बाद खिताब पर कब्जा जमाया
बता दें कि सौराष्ट्र टीम ने पहली बार विजय हजारे खिताब 2007-08 सीजन में जीता था. इसके 14 साल बाद यह दूसरा खिताब अपने नाम किया है. विजय हजारे ट्रॉफी टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा बार खिताब जीतने का रिकॉर्ड तमिलनाडु के नाम है. इस टीम ने 5 बार खिताब जीता है.
aajtak.in