राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग पर इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबले में आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर आधिकारिक कार्रवाई की गई है. पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच नंबर 40 के दौरान ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते पाए जाने पर उन्हें दोषी ठहराया गया.
IPL की आधिकारिक मीडिया एडवाइजरी के मुताबिक, पराग ने खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए निर्धारित कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.21 का उल्लंघन किया, जो ऐसा व्यवहार जो खेल की छवि को नुकसान पहुंचाए, से संबंधित है. यह घटना मैच की दूसरी पारी के दौरान हुई, जब पराग ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट का इस्तेमाल करते नजर आए.
इस उल्लंघन को लेवल-1 अपराध माना गया, जिसके तहत उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माने के रूप में काटा गया है और एक डिमेरिट पॉइंट भी उनके खाते में जोड़ा गया है. लेवल-1 मामलों में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं होती.
एडवाइजरी में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पराग ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी अमित शर्मा द्वारा दी गई सजा को मान लिया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) आगे और कड़ी कार्रवाई के विकल्पों पर भी विचार कर रहा है, ताकि IPL की साख और अनुशासन बनाए रखा जा सके.
गौरतलब है कि भारत में 2019 से ई-सिगरेट के उत्पादन, बिक्री और वितरण पर प्रतिबंध लागू है. ऐसे में एक प्रोफेशनल क्रिकेटर द्वारा इस तरह की हरकत विवाद को और बढ़ाती है.
हालांकि मैदान पर राजस्थान रॉयल्स ने इस मुकाबले में जीत दर्ज की, लेकिन पराग की इस गलती ने टीम की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि वह आने वाले मैचों में अपने प्रदर्शन से इस विवाद को पीछे छोड़ पाते हैं या नहीं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क