IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 के आगाज से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन(KSCA) ने मिलकर एक इमोशनल और बड़ा फैसला लिया है. अब बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटों को हमेशा के लिए खाली रखा जाएगा.
यह फैसला पिछले साल 4 जून 2025 को RCB की पहली IPL खिताबी जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 लोगों की याद में लिया गया है. उस दिन स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ के बीच हुई घटना ने पूरे क्रिकेट जगत को झकझोर दिया था और इसे खेल इतिहास के सबसे दुखद दिनों में गिना गया.
RCB और KSCA के संयुक्त फैसले के तहत स्टेडियम के एक प्रमुख स्टैंड की 11 सीटों को आम दर्शकों की बिक्री से हटा दिया गया है. अब इन सीटों पर कभी कोई नहीं बैठेगा. IPL और इंटरनेशनल मैचों समेत हर मुकाबले में ये सीटें खाली रहेंगी, ताकि यह एक स्थायी और दिखने वाली श्रद्धांजलि बनी रहे.
RCB ने 11 सीटें खाली करने का फैसला क्यों किया?
रिपोर्ट्स के मुताबिक KSCA के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने इस योजना की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि उस दिन को याद करना बेहद दर्दनाक है, लेकिन पीड़ितों को सम्मान देना जरूरी है. इसी सोच के साथ स्टेडियम में एक स्मारक पट्टिका लगाने का फैसला किया गया है.
28 मार्च को IPL 2026 के ओपनिंग मैच से पहले स्टेडियम के एंट्री गेट के पास इस स्मारक का अनावरण किया जाएगा. मैच के दिन 11 पीड़ितों के नाम बड़ी स्क्रीन पर दिखाए जाएंगे और एक मिनट का मौन रखा जाएगा.
IPL में डिफेंडिंग चैम्पियन RCB का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा. इस मैच से पहले पूरा स्टेडियम उन 11 लोगों को याद करेगा, जिनकी जिंदगी एक जश्न के बीच दुखद रूप से खत्म हो गई. यह फैसला सिर्फ एक श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि क्रिकेट फैन्स की सुरक्षा और जिम्मेदारी की याद दिलाने वाला कदम भी माना जा रहा है.
RCB टीम के खिलाड़ी क्यों पहनेंगे 11 नंबर जर्सी
टीम के खिलाड़ी प्रैक्टिस सेशन के दौरान जर्सी नंबर 11 पहनकर भी इन पीड़ितों को श्रद्धांजलि देंगे. RCB का यह कदम खेल जगत में एक भावुक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है. बेंगलुरु टीम के के CEO राजेश मेनन ने इस पूरे प्लान को लेकर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कर्नाटक सरकार, पुलिस और प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि अब सभी मैचों के लिए सख्त SOP लागू किया गया है, जो KSCA, RCB और लोकल एजेंसियों के साथ मिलकर लागू होगा.
उनके मुताबिक अब स्टेडियम में AI आधारित CCTV सिस्टम लगाया गया है, जो रियल-टाइम में भीड़ और कतार की जानकारी देगा.पुलिस और संबंधित एजेंसियों को तुरंत अलर्ट भेजा जाएगा. एंट्री और एग्जिट गेट्स को पूरी तरह से री-डिजाइन किया गया है. इमरजेंसी प्लानिंग प्रोटोकॉल को और मजबूत किया गया है.
अब चिन्नास्वामी में क्या सुविधाएं मिलेंगी
RCB ने फैन्स के अनुभव और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई बड़े बदलाव किए हैं. जैसे हर टिकट के साथ फ्री मेट्रो राइड की सुविधा मिलेगी. मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी. स्टेडियम के पास कार ड्रॉप की अनुमति नहीं होगी. मैच से 4 घंटे पहले सभी गेट खोल दिए जाएंगे. टिकट पूरी तरह डिजिटल होंगे, जिससे भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी.
aajtak.in