आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी और सबसे रोमांचक पड़ाव पर पहुंच चुका है. रविवार 8 मार्च को अहमदाबाद के दुनिया के सबसे बड़े नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खिताबी मुकाबला खेला जाएगा. इस मुकाबले में टीम इंडिया की टक्कर न्यूजीलैंड के साथ होगी.
दोनों ही टीमों ने सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करके फाइनल का टिकट हासिल किया है. न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया था, जबकि भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रनों से मात देकर फाइनल में जगह बनाई है.
भारत की नजर लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर है. वहीं न्यूजीलैंड की टीम पहली बार इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेगी. लेकिन इस मुकाबले में सिर्फ ट्रॉफी ही नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये की इनामी राशि भी दांव पर लगी है.
विजेता और उपविजेता पर होगी पैसों की बारिश
फाइनल मुकाबले के बाद विजेता और उपविजेता दोनों टीमों पर पैसों की बारिश होने वाली है. इस बार आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप की प्राइज मनी को रिकॉर्ड स्तर तक बढ़ा दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली टीम को करीब 27.50 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिलेगी. वहीं फाइनल हारने वाली टीम यानी उपविजेता को भी करीब 14.67 करोड़ रुपये मिलेंगे.
सेमीफाइनलिस्ट टीमों को भी मिला बड़ा इनाम
आईसीसी ने इस बार सिर्फ फाइनल खेलने वाली टीमों के लिए ही नहीं, बल्कि बाकी टीमों के लिए भी अच्छी इनामी राशि तय की है. सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका को करीब 7.24 करोड़ रुपये की समान प्राइज मनी मिलेगी.
पाकिस्तान को मिलेंगे इतने करोड़
आईसीसी ने टूर्नामेंट के अंतिम चरणों तक पहुंचने वाली सभी टीमों के लिए वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित की है। सुपर-8 चरण तक का सफर तय करने वाली प्रत्येक टीम को करीब 3.48 करोड़ रुपये ($380,000) मिलेंगे। यानी पाकिस्तान की टीम को भी करीब 3.48 करोड़ रुपये मिलेंगे. बता दें कि पाकिस्तान की टीम इस टूर्नामेंट में सुपर-8 तक तो पहुंची थी. लेकिन वो सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी थी.
वहीं, इस बार ग्रुप स्टेज में ही बाहर होने वाली टीमों को भी लगभग 2.29 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी गई है, ताकि सभी क्रिकेट बोर्ड को टूर्नामेंट से लाभ मिल सके।
कुल इनामी राशि ने बनाया नया रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए आईसीसी ने कुल 13.5 मिलियन डॉलर यानी करीब 123 करोड़ रुपये से ज्यादा का प्राइज पूल तय किया है. यह राशि 2024 के टी20 वर्ल्ड कप की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत ज्यादा है. पिछले टी20 वर्ल्ड कप में कुल 11.25 मिलियन डॉलर की इनामी राशि रखी गई थी. उस टूर्नामेंट में भारत ने खिताब जीता था.
aajtak.in