कोलकाता के ईडन गार्डन्स में गुरुवार रात, जब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) लगभग हार की कगार पर थी, तब मुकुल ने 27 गेंदों में नाबाद 54 रन ठोककर मैच पलट दिया.
24 गेंदों पर 54 रन चाहिए थे, टीम के 7 विकेट गिर चुके थे… और सामने सिर्फ टेलेंडर्स. शुरुआत भी आसान नहीं रही- पहली 5 गेंदों पर सिर्फ 1 रन. लेकिन इसके बाद जो हुआ, वो ‘फिनिशर मोड’ था- अगली 22 गेंदों में 53 रन, जिसमें 7 छक्के शामिल थे.
हेलिकॉप्टर शॉट- बचपन से अभ्यास
मुकुल ने मैच के बाद बताया, 'मैंने ये शॉट बचपन से प्रैक्टिस किया है. मुझे हमेशा धोनी का फिनिशिंग स्टाइल पसंद रहा. वो यॉर्कर पर भी छक्का मार देते थे… और जब आप ऐसा करते हैं, तो गेंदबाज सोचने पर मजबूर हो जाता है.'
17वें ओवर में वैभव अरोड़ा की गेंद पर लगाया गया हेलिकॉप्टर शॉट इस पारी का टर्निंग पॉइंट बना.
ताकत + मेहनत = मुकुल का फॉर्मूला
मुकुल की ताकत सिर्फ नेचुरल पावर नहीं, बल्कि कड़ी मेहनत का नतीजा है. उन्होंने खुद कहा, मेरी बॉडी थोड़ी पावरफुल है, लेकिन मैं रोज 100-150 छक्कों की प्रैक्टिस करता हूं. इससे बैट स्पीड डेवलप होती है. पिछले 5-6 महीनों से मैंने इस पर बहुत काम किया है.'
पहले ही दे चुके थे संकेत
आईपीएल से पहले ही मुकुल ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (Syed Mushtaq Ali Trophy) में अपनी झलक दिखा दी थी. उन्होंने राजस्थान की ओर से खेलते हुए दिल्ली के खिलाफ रनों की बारिश कर दी थी.
- 26 गेंदों में नाबाद 62 रन - 238.46 का स्ट्राइक रेट
- 7 छक्के, 1 चौका
- 176 रन के लक्ष्य का सफल पीछा
इस टूर्नामेंट में उनका स्ट्राइक रेट 198.85 रहा, जो बताता है कि ये ‘वन-नाइट वंडर’ नहीं, बल्कि एक उभरता हुआ फिनिशर है.
LSG का भरोसा और लैंगर का विजन
Lucknow Super Giants ने मुकुल पर 2.6 करोड़ रुपये खर्च किए और कोच जस्टिन लैंगर ने उनमें खास बात देखी.
लैंगर का मानना है कि मुकुल भारत के सबसे खतरनाक नंबर 6 या 7 बल्लेबाज बन सकते हैं.
जब इतना बड़ा कोच आप पर भरोसा दिखाए, तो लगता है कि उसने आपमें कुछ खास देखा है. वो रोज 10-15 मिनट मेरे साथ अलग से काम करते हैं… और वही मैच में काम आया.
‘ये तो बस शुरुआत है’
मैच के बाद लैंगर ने कहा. 'वो बहुत युवा है, उसकी आंखों में भूख दिखती है. ये जीत उसके करियर का बड़ा मोमेंट है.'
मुकुल चौधरी की ये पारी सिर्फ एक जीत नहीं थी, ये एक कहानी थी मेहनत, भरोसे और बचपन के सपनों की.
एक पिता का सपना, एक बेटे की जिद, और एक आइडल से मिली प्रेरणा… इन सबने मिलकर आईपीएल 2026 को एक नया ‘फिनिशर’ दे दिया है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क