शादी के बाद दुल्हन संग पहली बार कानपुर पहुंचे कुलदीप यादव... हुआ ग्रैंड वेलकम, VIDEO

भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव की शादी वंशिका चड्ढा से हुई है. शादी समारोह का आयोजन उत्तराखंड के मसूरी में किया गया, जिसमें टीम इंडिया के पूर्व और मौजूदा क्रिकेटर्स शामिल हुए. शादी के बाद जब कुलदीप अपनी दुल्हन के साथ कानपुर आए, तो उनका भव्य स्वागत किया गया.

Advertisement
कुलदीप यादव और उनकी पत्नी वंशिका चड्ढा. (Photo: instagram/@kuldeep_18) कुलदीप यादव और उनकी पत्नी वंशिका चड्ढा. (Photo: instagram/@kuldeep_18)

रंजय सिंह

  • कानपुर,
  • 16 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 2:34 PM IST

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव शादी के बाद रविवार (15 मार्च) शाम अपनी पत्नी वंशिका चड्ढा के साथ कानपुर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया. उनके घर के बाहर रेड कार्पेट बिछाया गया था और बैंड-बाजे के साथ पूरे उत्साह के माहौल में उनका स्वागत किया गया. इस खास मौके का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है.

Advertisement

कानपुर के केडीए कॉलोनी स्थित अपने घर पहुंचे कुलदीप यादव की अगवानी के लिए घर के अंदर से लेकर बाहर सड़क तक रेड कार्पेट बिछाया गया था. रेड कार्पेट के दोनों तरफ बैंड-बाजे वाले खड़े थे, जो संगीत बजाते हुए नवविवाहित जोड़े का स्वागत कर रहे थे. कुलदीप काले रंग की लग्जरी कार में अपनी पत्नी के साथ पहुंचे और सीधे घर के अंदर चले गए.

हालांकि इस दौरान कुलदीप यादव ने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की. कुलदीप के स्वागत के दौरान उनके साथ कानपुर में क्रिकेट खेलने वाले जूनियर खिलाड़ी, उनके क्लब के सदस्य और कई करीबी लोग भी मौजूद रहे. परिवार के सदस्य पहले से ही घर के अंदर मौजूद थे और सभी ने नवविवाहित जोड़े का गर्मजोशी से स्वागत किया.

दरअसल, टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की शादी 14 मार्च (शनिवार) को उत्तराखंड के मसूरी में वंशिका चड्ढा के साथ हुई. दो दिनों तक चले इस शादी समारोह में भारतीय क्रिकेट जगत के कई मौजूदा और पूर्व खिलाड़ी भी शामिल हुए. यह शादी सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में रही.

Advertisement

गौरतलब है कि कुलदीप यादव हाल ही में आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे. हालांकि पूरे टूर्नामेंट में उन्हें केवल एक मैच खेलने का मौका मिला, जो कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ था. उस मुकाबले में कुलदीप ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए 14 रन देकर एक विकेट हासिल किया था.

चाइनामैन गेंदबाज के तौर पर पहचान बनाने वाले कुलदीप यादव का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रिकॉर्ड काफी दमदार रहा है. उन्होंने अब तक तीनों फॉर्मेट को मिलाकर भारत के लिए 191 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 22.50 के एवरेज और 4.84 की इकोनॉमी के साथ 365 विकेट अपने नाम किए हैं. 31 वर्षीय कुलदीप यादव ने अपने करियर में 9 बार एक पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा भी किया है, जो उनकी मैच जिताने की क्षमता को दर्शाता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement