पूर्व इंग्लिश क्रिकेटर मार्क बुचर ने इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) पर जमकर निशाना साधा है. बुचर ने कहा कि तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) में खेलने दिया जा रहा है, लेकिन देश के लिए टेस्ट मैच खेलने से रोका जा रहा है, जो पूरी तरह 'बेतुका' है. बुचर का यह बयान इंग्लैंड क्रिकेट में नई बहस छेड़ सकता है.
बता दें कि इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. इंग्लिश टीम में जोफ्रा आर्चर को इसमें जगह नहीं मिली. आर्चर फिलहाल आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए खेल रहे हैं. आईपीएल 2026 का फाइनल 31 मई को खेला जाएगा, जबकि इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट 4 जून से शुरू होना है.
विजडन क्रिकेट वीकली पॉडकास्ट पर बोलते हुए मार्क बुचर ने कहा, 'अगर वर्कलोड मैनेज करना है, तो उन्हें आईपीएल मैचों से आराम दिया जाना चाहिए, इंग्लैंड के टेस्ट मैचों से नहीं.' उन्होंने कहा कि ईसीबी खिलाड़ियों को भारी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट देता है, इसलिए देश के लिए खेलना सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: एशेज हार के बाद इंग्लैंड टीम पर चला सेलेक्शन का चाबुक, 7 खिलाड़ी बाहर, नए चेहरों की एंट्री
मार्क बुचर ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाड़ी पहले से ही लाखों पाउंड कमाते हैं, इसलिए आईपीएल के लिए टेस्ट क्रिकेट छोड़ना समझ से परे है. उन्होंने कहा, 'अगर कोई खिलाड़ी इंग्लैंड के लिए खेलने के बजाय IPL खेल रहा है, तो यह बिल्कुल गलत संदेश देता है.'
करोड़ों में खरीदे गए थे जोफ्रा आर्चर
आईपीएल के नए नियम के अनुसार अगर कोई विदेशी खिलाड़ी मेगा ऑक्शन में नाम देने के बाद टूर्नामेंट से हटता है, तो उस पर दो साल का बैन लगाया जा सकता है. जोफ्रा आर्चर ने 2025 सीजन से पहले आयोजित मेगा ऑक्शन में अपना नाम दिया था और राजस्थन रॉयल्स ने उन्हें 12.5 करोड़ रुपये में खरीदा था.
जोफ्रा आर्चर के टेस्ट मैच मिस करने के फैसले के बाद इंग्लैंड क्रिकेट में यह बहस तेज हो गई है कि क्या फ्रेंचाइजी क्रिकेट अब इंटरनेशनल क्रिकेट से बड़ा होता जा रहा है? कई पूर्व खिलाड़ी मानते हैं कि राष्ट्रीय टीम के मुकाबलों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए, जबकि बोर्ड खिलाड़ी की फिटनेस और वर्कलोड को वजह बता रहा है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क