28 मार्च (शनिवार) से शुरू हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन के लिए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) भी तैयारियों में जुटी हुई है. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाड़ियों ने 21 मार्च (शनिवार) को एक इंट्रा-स्क्वॉड मैच खेला. इस मैच के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब स्पिनर जीशान अंसारी ने ईशान किशन को आउट किया.
जीशान अंसारी ने ईशान किशन को आउट करने के बाद उन्हें जोरदार और आक्रामक अंदाज में सेंड-ऑफ दिया. यह घटना सनराइजर्स B की पारी के आठवें ओवर में हुई. तब ईशान और लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर जम चुके थे और तेजी से रन बना रहे थे. ईशान ने उस ओवर में 20 रन बटोर लिए थे, लेकिन जीशान ने आखिरी गेंद पर ईशान को आउट कर दिया.
आमतौर पर इंट्रा-स्क्वॉड मैचों में जश्न सीमित रहता है, लेकिन इस बार जीशान अंसारी का जश्न अलग था. उन्होंने ईशान किशन को पवेलियन जाने का इशारा किया. इस दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच हल्की बातचीत भी हुई. हालांकि, ईशान ने इस पूरे घटनाक्रम को सहजता से लिया और मैदान से बाहर जाते समय मुस्कुराते हुए नजर आए.
अभिषेक शर्मा भी बल्ले से चमके
इस घटना के चलते सनराइजर्स हैदराबाद कैम्प के अंदर तनाव की अटकलें जरूर लगीं, लेकिन इसे खेल का एक हिस्सा माना जा रहा है. इस मुकाबले में ईशान किशन और अभिषेक शर्मा दोनों ने प्रभावित किया, अभिषेक ने सनराइजर्स A के लिए ओपनिंग करते हुए 94 रनों की तेज पारी खेली, जबकि ईशान ने सनराइजर्स B की तरफ से महज 24 गेंदों में 72 रनों का योगदान दिया.
नियमित कप्तान पैट कमिंस की अनुपस्थित में ईशान किशन ही शुरुआती मुकाबलों में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करेंगे, वहीं अभिषेक शर्मा को उप-कप्तान बनाया गया है. सनराइजर्स हैदराबाद अपना पहला मुकाबला 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ बेंगलुरु में खेलेगी. सीजन की शुरुआत से पहले टीम के प्रमुख बल्लेबाजों का फॉर्म में होना एसआरएच के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.
aajtak.in