इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है. आईपीएल 2026 टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर के लिए सिर्फ एक नया सीजन नहीं है, बल्कि एक नई शुरुआत है. कुछ महीनों पहले तक ICU में जिंदगी से जंग लड़ने वाले श्रेयस पंजाब किंग्स (PBKS) की कमान संभालने के लिए तैयार हैं. अब उनका पूरा फोकस सिर्फ पंजाब किंग्स को पहली बार आईपीएल खिताब जिताने पर है.
अक्टूबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान श्रेयस अय्यर को गंभीर चोट लगी थी. तब कैच लेने के प्रयास में वह असहज तरीके से गिरे, जिससे उनके रिब के पास जोरदार चोट लगी. बाद में जांच में पता चला कि उनकी स्प्लीन (तिल्ली) में कट लग गया था और अंदरूनी ब्लीडिंग हुई. स्थिति बिगड़ने पर उन्हें सिडनी में ICU में भर्ती कराना पड़ा, जहां बिना सर्जरी के ब्लीडिंग रोकी गई.
चोट के बाद श्रेयस अय्यर को लंबा रिहैब करना पड़ा. उन्होंने बताया कि इस दौरान उनका करीब 7 किलो वजन कम हो गया था. बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में उनकी रिकवरी पर कड़ी निगरानी रखी गई और शुरुआत में सामान्य गतिविधियों पर भी रोक थी.
टी20 वर्ल्ड कप में नहीं मिला मौका
हालांकि, श्रेयस अय्यर ने शानदार वापसी करते हुए जनवरी 2026 में विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी संभाली और 53 गेंदों पर 82 रनों की तेज पारी खेली. इसके बाद उन्होंने भारतीय टीम में भी वापसी की और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में टीम का हिस्सा बने. हालांकि उन्हें आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया.
मोहाली में पंजाब किंग्स की जर्सी लॉन्च के दौरान श्रेयस अय्यर ने कहा, 'इस चोट की वजह से मेरा करीब सात किलो वजन कम हो गया था. यह काफी गंभीर चोट थी. शुक्र है कि मैं दो महीने बाद अच्छी हालत में वापस आ गया. लेकिन 7 किलो वजन फिर से बढ़ाने में काफी मेहनत लगी.'
श्रेयस अय्यर ने अपनी वापसी को लेकर कहा, 'यह मेरे लिए बड़ी चुनौती थी. मैंने काफी कुछ झेला, लेकिन अब मैं खुद पर गर्व महसूस करता हूं कि उस दौर से निकलकर फिर से टीम इंडिया और अपनी फ्रेंचाइजी के लिए खेल पा रहा हूं. अब आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की कप्तानी करने जा रहे श्रेयस पर सभी की नजरें टिकी हैं. पिछले सीजन में टीम को फाइनल तक पहुंचाने के बाद इस बार उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं.
श्रेयस अय्यर ने साफ कहा, 'उम्मीदें बहुत ज्यादा हैं और यही मजेदार है. जब भी मैदान पर उतरें, जीतने के इरादे से उतरना चाहिए. मेरी नजर ट्रॉफी पर है.' ICU से मैदान तक का यह सफर श्रेयस की दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास का सबूत है. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या उनकी कप्तानी में पंजाब किंग्स इस सीजन अपना पहला IPL खिताब जीत पाती है या नहीं.
aajtak.in