इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मौजूदा सीजन में मुंबई इंडियंस (MI) के तेज गेंदबाज जसपीत बुमराह का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है. बुमराह ने चार मैच खेलकर कुल 15 ओवरों की गेंदबाजी की है, लेकिन एक भी विकेट नहीं ले सके. चौंकाने वाली बात यह है कि शशांक सिंह और रियान पराग जैसे पार्ट टाइम गेंदबाज भी मौजूदा सीजन में विकेट ले चुके हैं. शशांक सिंह (PBKS) ने पंजाब किंग्स के लिए 2 और राजस्थान रॉयल्स (RR) के कप्तान रियान पराग ने एक विकेट चटकाए हैं.
यह आंकड़ा जरूर चौंकाने वाला है, लेकिन कहानी सिर्फ इतनी नहीं है. जसप्रीत बुमराह ने भले ही विकेट नहीं चटकाए, लेकिन उनकी गेंदबाजी अब भी टीम के लिए उतनी ही अहम साबित हो रही है. बुमराह इस सीजन में 'विकेट-टेकर' की जगह 'रन कंट्रोलर' की भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं.
यह भी पढ़ें: IPL: जहां 6 ओवर में निपट रहे मैच, वहां मुंबई इंडियंस हर बार लेट, अब क्या करेंगे हार्दिक पंड्या?
शुरुआती मैचों में जसप्रीत बुमराह की गति थोड़ी कम जरूर दिखी. हालांकि, इसके बावजूद उन्होंने कसी हुई लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. विकेट नहीं मिल रहे, लेकिन बुमराह की इकोनमी रेट (8.20) मौजूदा सीजन में अब भी बेहतरीन है. आईपीएल 2026 में 15 या उससे ज्यादा ओवर डालने वाले गेंदबाजों में लुंगी एनगिडी और मोहम्मद शमी की ही इकोनॉमी रेट बुमराह से बेहतर रही है. यानी, वह रन रोकने का काम बखूबी कर रहे हैं.
इस वजह से नहीं मिल रहे विकेट?
जसप्रीत बुमराह को मुंबई इंडियंस ऐसे समय पर गेंदबाजी दे रही है, जब गेंद पुरानी हो चुकी होती है, बल्लेबाज सेट हो चुके होते हैं और टीम पहले ही रन लुटा चुकी होती है. ऐसे में बुमराह को आक्रामक गेंदबाजी की बजाय डिफेंसिव लाइन पर जाना पड़ता है, जिससे विकेट लेने के मौके कम हो जाते हैं.
टीम मैनेजमेंट बूम बूम बुमराह को 'फायरफाइटर' की तरह इस्तेमाल कर रहा है- यानी रन रोकने के लिए. लेकिन इसी चक्कर में विकेट लेने की क्षमता पीछे छूट रही है. पूर्व भारतीय खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन ने भी इशारों में यही बात कही कि बुमराह भले विकेट नहीं ले रहे, लेकिन वह टीम के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: बल्ला नहीं 'बुलडोजर' लेकर चल रहे वैभव सूर्यवंशी... IPL में 19 गेंदबाज सामने आए, सिर्फ 4 ही रोक पाए
देखा जाए तो जसप्रीत बुमराह को आईपीएल में विकेट लिए हुए 20.2 ओवर हो चुके हैं. आईपीएल 2025 के एलिमिनेटर मैच में गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ उन्होंने आखिरी बार विकेट लिया था. उसके बाद उन्होंने 122 गेंदें डाली हैं, लेकिन विकेटों का कॉलम खाली रहा है.
IPL में जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी (पिछली 5 इनिंग्स)
0/40 (4 ओवर) बनाम पंजाब किंग्स, अहमदाबाद
0/35 (4 ओवप) बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, वानखेड़े
0/21 (4 ओवर) बनाम दिल्ली कैपिटल्स, दिल्ली
0/32 (3 ओवर) बनाम राजस्थान रॉयल्स, गुवाहाटी
0/35 (4 ओवर) बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, वानखेड़े
जसप्रीत बुमराह भले विकेट नहीं ले पा रहे, उनकी लय, सटीकता और इकोनमी अब भी शानदार है. विकेट का इंतजार लंबा हो चुका है, लेकिन बुमराह जैसे गेंदबाज के लिए यह सिर्फ समय की बात लगती है. जैसे ही उन्हें सही समय और आक्रामक स्पेल मिलेगा, वह फिर से विकेट कॉलम में वापसी कर सकते हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क