IPL मैच में अंपायर से हुआ ब्लंडर… बैट टेस्ट के दौरान उल्टा गेज लगाया, खिलाड़ी-दर्शक हैरान

आईपीएल के एक मुकाबले में उस वक्त अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला, जब बैट टेस्ट के दौरान अंपायर से बड़ी गलती हो गई. चेन्नई सुपर किंग्स के युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे का बैट दो बार टेस्ट में फेल हो गया, जिससे मैदान पर कुछ देर के लिए हलचल मच गई.

Advertisement
आयुष म्हात्रे ने पंजाब किंग्स के खिलाफ तूफानी प्रदर्शन किया. (Photo: Screengrab/@JioHotstar) आयुष म्हात्रे ने पंजाब किंग्स के खिलाफ तूफानी प्रदर्शन किया. (Photo: Screengrab/@JioHotstar)

aajtak.in

  • चेन्नई,
  • 03 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:13 PM IST

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच 3 अप्रैल (शुक्रवार) को हुए मुकाबले में एक ऐसा अजीबोगरीब वाकया देखने को मिला, जिसने कुछ देर के लिए खेल को रोक दिया. साथ ही खिलाड़ी, फैन्स और कमेंटेटर भी हैरान रह गए.

एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए मैच के दौरान जब चेन्नई सुपर किंग्स के युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे जब नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए, तो सबसे पहले उनका बैट टेस्ट किया गया. लेकिन यहीं एक बड़ी गड़बड़ी हो गई. अंपायर ने बैट की मोटाई जांचने के लिए इस्तेमाल होने वाला गेज उल्टा पकड़ लिया, जिससे म्हात्रे का पहला बैट फेल हो गया.

Advertisement

मामला यहीं नहीं रुका, दूसरा बैट भी गेज से पास नहीं हुआ. हालांकि कुछ सेकंड बाद अंपायर को अपनी गलती का एहसास हुआ. जब उन्होंने गेज को सही तरीके से पकड़ा, तो पहला बैट आराम से पास हो गया और मैच फिर से शुरू हुआ. इस पूरे घटनाक्रम पर कमेंटेटर इयान बिशप ने तुरंत कहा, 'गेज उल्टा लगाया गया था.' वहीं पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क ने हैरानी जताते हुए कहा, 'ओ माय गॉड.'

संजू सैमसन ने किया निराश
संजू सैमसन इस मुकाबले में सस्ते में आउट हो गए, जिसके बाद आयुष म्हात्रे बैटिंग के लिए उतरे. जेवियर बार्टलेट की गेंद पर इनसाइड आउट शॉट खेलने की कोशिश में संजू सैमसन विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह को कैच दे बैठे. सैमसन ने 7 गेंदों पर सिर्फ 7 रन बनाए. हालांकि आयुष म्हात्रे ने इस मुकाबले में कमाल का खेल दिखाया. आयुष ने 6 चौके और पांच छक्के की मदद से 43 गेंदों पर 73 रन बनाए.

Advertisement

इस मजेदार घटना के बाद सोशल मीडिया पर फैन्स ने जमकर रिएक्शन दिए. कुछ फैन्स ने अंपायर की गलती को लेकर मजाक उड़ाया और इसे 'कॉमेडी ऑफ एरर्स' बताया. बैट टेस्ट को लेकर पहले भी विवाद हो चुके हैं. मौजूदा सीजन में ही राहुल तेवतिया को बैट बदलना पड़ा था. सुनील नरेन, आंद्रे रसेल और एनरिक नॉर्किया जैसे खिलाड़ी भी इस टेस्ट में फेल हो चुके हैं.

चेपॉक में हुआ यह वाकया आईपीएल 2026 के सबसे मजेदार पलों में से एक बन गया, जहां बैट नहीं बल्कि अंपायर की गलती चर्चा का विषय बन गई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement